कोटा। अंतर्राष्ट्रीय मातृ दिवस के अवसर पर सर्व हिंदू समाज महिला मंडल महासंघ द्वारा स्थानीय गीता भवन में ‘आत्मनिर्भर मातृशक्ति गौरव सम्मान’ समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जहाँ एक ओर नारी शक्ति का सम्मान हुआ, वहीं दूसरी ओर सामाजिक सुधार की दिशा में कदम बढ़ाते हुए ‘कोटा किटी क्लब’ की स्थापना की गई।
कार्यक्रम के मुख्य संयोजक एवं अध्यक्ष गोविंद नारायण अग्रवाल ने कहा कि इस आयोजन का मूल उद्देश्य महिलाओं द्वारा संचालित छोटे-छोटे किटी समूहों को एक संगठित और सशक्त सामाजिक मंच प्रदान करना है। उन्होंने कहा कि आज के दौर में किटी पार्टी केवल मनोरंजन या जलपान का साधन नहीं रह गई है, बल्कि यह महिलाओं की अभिव्यक्ति, सामूहिकता और आर्थिक स्वावलंबन का केंद्र बन चुकी है।
संस्थापक महामंत्री राजाराम जैन ‘कर्मयोगी’ (रावण सरकार) ने कहा कि देश की आजादी के 79वें वर्ष के प्रतीक स्वरूप, प्रथम चरण में कोटा के विभिन्न क्षेत्रों से 79 किटी समूहों को आमंत्रित किया गया था। सम्मान समारोह के दौरान प्रत्येक ग्रुप की पाँच प्रमुख महिलाओं को मोतियों की माला और दुपट्टा पहनाकर सम्मानित किया गया। साथ ही, उन्हें ‘आत्मनिर्भर मातृशक्ति गौरव सम्मान’ प्रशस्ति पत्र भेंट कर उनकी सामाजिक सक्रियता को सराहा गया।
कार्यक्रम में आशीर्वाद देने पहुंचे महामंडलेश्वर साध्वी हेमा सरस्वती महाराज महामंडलेश्वर कुलम शक्तिपीठ नीति अंबा माताजी समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में समाजसेवी संजय गोयल, अध्यक्षता चार्टर्ड अकाउंटेंट भूतपूर्व अध्यक्ष रामलाल विजय विशिष्ट अतिथि थर्मल के पूर्व अधिकारी दिनेश कुमार बंसल, महेश पंचोली महावीर जैन परमानंद गर्ग, अनिल कुमार शर्मा और योगेश शर्मा उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन नरेश कारा द्वारा किया गया
किन्नर समाज को नेग की राशि होगी सर्वसम्मति से तय
समारोह के दौरान एक महत्वपूर्ण सामाजिक प्रस्ताव पारित किया गया। अध्यक्ष गोविंद नारायण अग्रवाल ने घोषणा की कि ‘कोटा किटी क्लब’ के माध्यम से अब मंगलमुखी समाज द्वारा परंपरागत रुप से लिए जाने वाली ‘बधाई’ की राशि को सर्वसम्मत तरीके से तय किया जाएगा। आगामी 17 मई, (गंगा दशहरा) के अवसर पर कोटा के विभिन्न समाजों के वरिष्ठ नागरिकों की एक निर्णायक समिति गठित की जाएगी।
यह समिति मांगलिक अवसरों पर किन्नर समाज को दी जाने वाली ‘बधाई’ की एक सम्मानजनक और न्यायसंगत राशि निर्धारित करेगी। इस समिति में महिला मंडल की वरिष्ठ सदस्य संतोष शर्मा, रमा शर्मा, सरोज मिश्रा, ज्योति यादव, प्रमिला गुप्ता, किरण वेद एवं नवयुवक मंडल के अश्वत्थामा दाधीच, परमानंद गर्ग, बृजनंदन गौतम, हेमंत सिंह, लक्ष्मी नारायण गर्ग, अनिल कुमार शर्मा और महावीर जैन शामिल रहेंगे।
महामंत्री राजाराम जैन ‘कर्मयोगी’ ने स्पष्ट किया कि समाज की मांग पर किन्नरों के घरों पर आने का समय भी निश्चित किया जाएगा। उन्होंने भावुक अपील करते हुए कहा कि किन्नर भी हमारे ही समाज का हिस्सा हैं, इसलिए उनके सम्मानजनक जीवन-यापन की व्यवस्था सुनिश्चित करना भी समाज का ही दायित्व है। समाज एकमत होकर ऐसी व्यवस्था बनाएगा जिससे किन्नरों का सम्मान भी बना रहे और आम नागरिक को प्रताड़ना का सामना भी न करना पड़े।

