डिजिटल पेमेंट फ्रॉड हुआ तो 25000 तक मुआवजा मिलेगा, जानिए कब

0
18

नई दिल्ली। डिजिटल लेनदेन में छोटी रकम के फ्रॉड का शिकार होने वाले ग्राहकों को मुआवजा देने की भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) की योजना से पहले बैंकों ने एक सेंट्रलाइज्ड सिस्टम बनाने की मांग की है।

बैंक चाहते हैं कि फ्रॉड की शिकायत दर्ज करने से लेकर मुआवजे के दावे निपटाने तक के लिए एक जैसे नियम हों। आरबीआई की यह नीति जनवरी 2027 से लागू होनी है। इसके तहत पात्र पीड़ितों को अधिकतम 25 हजार रुपये तक मुआवजा मिल सकेगा।

बैंकों ने आरबीआई से ग्राहक की पात्रता, शिकायत दर्ज करने की समयसीमा, जिस बैंक के खाते में धोखाधड़ी की रकम गई उसकी जिम्मेदारी और बाद में रकम की वसूली जैसे मुद्दों पर सफाई मांगी है।

बैंक अधिकारियों के मुताबिक, हर बैंक के लेवल पर इस सिस्टम को लागू करने में मुश्किलें आ सकती हैं। इसलिए सभी बैंकों, RBI और जांच एजेंसियों के बीच बेहतर तालमेल जरूरी है। खासकर धोखाधड़ी में इस्तेमाल होने वाले म्यूल अकाउंट के मामलों में सभी पक्षों के बीच समन्वय होना चाहिए।

आरबीआई ने मार्च में अनधिकृत इलेक्ट्रॉनिक बैंकिंग लेनदेन में ग्राहकों की देनदारी सीमित करने के निर्देश जारी किए थे। इसके तहत सद्भावना से काम करने वाले ऐसे शख्स को मुआवजा मिलेगा, जिसे 50 हजार रुपये तक का नुकसान हुआ हो और उसने शिकायत दर्ज कराई हो।

मुआवजा शुद्ध नुकसान का 85% या 25 हजार रुपये, जो भी कम हो, होगा। अगर किसी के साथ 10,000 रुपये का फ्रॉड हुआ है तो उसे 85% यानी 8,500 रुपये तक का मुआवजा मिलेगा। अगर किसी के साथ एक लाख रुपये का फ्रॉड हुआ है तो उसे अधिकतम 25 हजार रुपये का मुआवजा मिलेगा।

फ्रॉड रोकने के लिए आरबीआई की 4 योजनाएं
आरबीआई डिजिटल पेमेंट में धोखाधड़ी रोकने के लिए भी कई उपायों पर विचार कर रहा है। अप्रैल 2026 में जारी चर्चा पत्र में केंद्रीय बैंक ने चार विकल्प सुझाए थे। ये इस प्रकार हैं:

  1. कम रकम वाले ट्रांजैक्शन को छोड़कर कुछ अधिकृत डिजिटल पेमेंट में पैसा तुरंत ट्रांसफर करने के बजाय कुछ समय बाद खाते में जमा किया जा सकता है।
  2. बुजुर्गों और अन्य कमजोर वर्गों के लोगों के बड़े डिजिटल ट्रांजैक्शन के लिए किसी भरोसेमंद व्यक्ति की अतिरिक्त मंजूरी ली जा सकती है।
  3. बड़ी रकम पाने वाले खातों की अतिरिक्त जांच की जा सकती है।
  4. ग्राहकों को अपने डिजिटल पेमेंट पर कुछ अतिरिक्त नियंत्रण देने के विकल्प पर विचार किया जा रहा है।