भक्तामर पाठ से जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है: स्वस्तिभूषण माताजी

0
11

कोटा। भक्तामर स्तोत्र का नियमित पाठ व्यक्ति के जीवन से नकारात्मक ऊर्जा को समाप्त कर सकारात्मक ऊर्जा का संचार करता है। सामूहिक धार्मिक अनुष्ठान न केवल आध्यात्मिक उन्नति का माध्यम हैं, बल्कि समाज को एकजुट कर परस्पर सहयोग और सेवा की भावना भी विकसित करते हैं।

यह विचार गणिनी आर्यिका स्वस्ति भूषण माताजी ने विज्ञान नगर स्थित जैन मंदिर परिसर में आयोजित शुभकामना परिवार के 18वें राष्ट्रीय अधिवेशन में व्यक्त किए। माताजी ने कहा कि शुभकामना परिवार के माध्यम से समाज के लोग एक-दूसरे के सुख-दुख में सहभागी बनकर सहयोग और आत्मीयता की परंपरा को मजबूत कर रहे हैं।

माताजी के पावन सान्निध्य में आयोजित अधिवेशन की अध्यक्षता इंदौर के समाजसेवी एवं भामाशाह हसमुख जैन गांधी ने की। कार्यक्रम का शुभारंभ सकल दिगंबर जैन समाज कोटा के अध्यक्ष प्रकाश बज, विमल नांता, राजमल पाटौदी, आशीष जायसवाल, विनोद टोरड़ी, मनोज जायसवाल, ईश्वर सोनी, अनिल ठौरा, विकास जैन सहारनपुर, सुनील जैन बंधु आगरा, सुरेंद्र जैन एवं रितेश सेठी सहित अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलन कर किया। नवगठित स्वस्ति भक्तामर महिला मंडल विज्ञान नगर ने मंगलाचरण प्रस्तुत किया।

अधिवेशन में देशभर में संचालित शुभकामना परिवार की 400 शाखाओं की गतिविधियों और सामाजिक योगदान को प्रदर्शित किया गया। विभिन्न शाखाओं की ओर से बैनर प्रेजेंटेशन के माध्यम से संगठनात्मक कार्यों की जानकारी दी गई।

इस अवसर पर आचार्य शांति सागर महाराज छाणी के चित्र एवं उनके संदेशों पर आधारित स्लोगन और निबंध प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। स्लोगन प्रतियोगिता में अरुण जैन सरस्वती कॉलोनी ने प्रथम, कुसुम जैन आगरा ने द्वितीय तथा वंदना जैन मालपुरा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

संगठन के प्रति उत्कृष्ट योगदान के लिए सर्वश्रेष्ठ कार्यकर्ता सम्मान डॉ. विजय रोमा, परतवाड़ा (महाराष्ट्र), रानी जैन, सागर तथा अनिल ठौरा, कोटा को प्रदान किया गया। सभी विजेताओं एवं सम्मानित कार्यकर्ताओं को जयकुमार कोठारी भीलवाड़ा और रमा जैन दिल्ली ने पुरस्कार प्रदान किए।

अधिवेशन में आचार्य ज्ञान सागर महाराज का समाधि दिवस भी श्रद्धापूर्वक मनाया गया। साथ ही क्षुल्लिका आर्यमति माताजी एवं आर्यिका संस्कृति भूषण माताजी का पिच्छिका परिवर्तन समारोह भी आयोजित हुआ।