नई दिल्ली। FPI Investment: भारतीय शेयर बाजार में विदेशी निवेशकों की जोरदार वापसी हुई है। लगातार दो महीने की बिकवाली के बाद नवंबर में विदेशी निवेशक भारतीय शेयरों में जमकर पैसा लगा रहे हैं। विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों (FPI) ने नवंबर के पहले पखवाड़े में भारतीय शेयर बाजार में शुद्ध रूप से 84,290 करोड़ रुपये का निवेश किया है।
वहीं, 14 नवंबर को समाप्त सप्ताह में विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) ने 33,340 करोड़ रुपये की शुद्ध खरीदारी की। इसके उलट घरेलू संस्थागत निवेशकों (DII) ने 24,190 करोड़ रुपये के शेयर बेचे। कच्चे तेल की कीमतों में नरमी और वैश्विक बाजारों में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) से जुड़ी कंपनियों के शेयरों में बिकवाली के बीच भारतीय बाजार में विदेशी निवेशकों की दिलचस्पी बढ़ी है।
डिपॉजिटरी के आंकड़ों के मुताबिक, नवंबर में विदेशी निवेशकों की खरीदारी से पहले लगातार दो महीनों तक भारतीय शेयर बाजार से पूंजी की निकासी हुई थी। अक्टूबर में विदेशी निवेशकों ने 34,843 करोड़ रुपये और सितंबर में 35,861 करोड़ रुपये की शुद्ध बिकवाली की थी। इस तरह दोनों महीनों में विदेशी निवेशकों ने भारतीय शेयरों से कुल 70,704 करोड़ रुपये निकाले थे। हालांकि, नवंबर के शुरुआती नौ कारोबारी सत्रों में ही विदेशी निवेशकों ने इस पूरी निकासी से ज्यादा रकम भारतीय बाजार में लगा दी है।
बजाज ब्रोकिंग के उपाध्यक्ष (शोध) पबित्रो मुखर्जी के मुताबिक, 14 नवंबर को समाप्त सप्ताह में विदेशी निवेशकों की खरीदारी का सिलसिला लगातार तीसरे सप्ताह जारी रहा। इससे पहले विदेशी निवेशकों ने लगातार 10 सप्ताह तक भारतीय शेयर बाजार में बिकवाली की थी।
मुखर्जी ने बताया कि बीते सप्ताह चारों कारोबारी सत्रों में विदेशी निवेशकों ने खरीदारी की। इस दौरान उनका कुल शुद्ध निवेश 33,340 करोड़ रुपये रहा। दूसरी तरफ घरेलू संस्थागत निवेशकों ने लगातार दूसरे सप्ताह बिकवाली की।
घरेलू निवेशकों ने भी चारों कारोबारी सत्रों में शेयर बेचे और उनकी कुल शुद्ध बिकवाली 24,190 करोड़ रुपये रही। इस तरह विदेशी निवेशकों की लगातार खरीदारी से बाजार को सहारा मिला, जबकि घरेलू निवेशकों की बिकवाली ने तेजी को सीमित रखा।

