निशुल्क सर्वजातीय सामूहिक विवाह सम्मेलन में 11 जोड़े बंधे परिणय सूत्र में

0
5

भारत विकास परिषद माधव शाखा का आयोजन

कोटा। भारत विकास परिषद, माधव शाखा द्वारा सेवा और संस्कार के संकल्प को दोहराते हुए रविवार को ‘पंचम निशुल्क सर्वजातीय सामूहिक विवाह सम्मेलन’ का भव्य आयोजन किया गया। धर्मपुरा रोड स्थित परिहार मैरिज गार्डन में आयोजित इस सम्मेलन में सर्वसमाज के आर्थिक रूप से पिछड़े वर्गों के 11 जोड़े परिणय सूत्र में बंधे। इस दौरान पूरा परिसर वैदिक मंत्रोच्चार और मांगलिक गीतों से गुंजायमान रहा।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर ने नवदंपतियों को आशीर्वाद दिया। मंत्री दिलावर ने कहा कि “सामूहिक विवाह सम्मेलन से फिजूलखर्ची पर रोक लगती हैं। वहीं समाज में समरसता और एकजुटता का भाव भी पैदा होता है। भारत विकास परिषद सेवा, सहयोग और समर्पण के भाव से समाज सेवा में संलग्न होकर निर्धन परिवारों की सहायता कर रहा है, वह अनुकरणीय है।

​विशिष्ट अतिथि के रूप में गोयल प्रोटीन्स लिमिटेड के सीएमडी ताराचंद गोयल, किशन पाठक, संदीप चांदीवाला, हिमांशु चतुर्वेदी, क्षेत्रीय सचिव संस्कार रवि प्रकाश विजय, कार्यकारिणी सदस्य, रवि शंकर मूंदड़ा प्रांतीय संरक्षण विभाग विकास परिषद मंदसौर उपस्थित रहे।

​धूमधाम से निकली बारात
शाखा अध्यक्ष चंद्रप्रकाश नागर ने बताया कि सम्मेलन की शुरुआत विनायक स्थापना के साथ हुई। शाम को बैंड-बाजे के साथ भव्य बारात निकाली गई। जिसके बाद वरमाला की परंपरा निभाई गई। आचार्य पं. मुकेश शास्त्री (शिवपुरा) के सान्निध्य में पाणिग्रहण संस्कार संपन्न कराया गया। शाखा सचिव सतीश गुप्ता ने बताया कि परिषद के सदस्यों के उदार आर्थिक सहयोग से प्रत्येक जोड़े को गृहस्थ जीवन की शुरुआत के लिए आवश्यक सामग्री चांदी की पायल, चांदी की बिछिया, अलमारी, बर्तन, पलंग, फर्नीचर, मिक्सी, बिस्तर और ट्रॉली बैग उपहार स्वरूप दिए गए।