नई इनोवा हायक्रॉस MPV का टीजर जारी, जानिए कब होगी भारत में लॉन्च

0
20

नई दिल्ली। New Toyota Innova Hycross MPV: टोयोटा भारतीय मार्केट में अपनी पॉपुलर एमपीवी इनोवा हायक्रॉस का फेसलिफ्ट मॉडल लॉन्च करने की तैयारी कर रही है। कंपनी इसे 25 नवंबर को लॉन्च करेगी। खास बात यह है कि इनोवा हायक्रॉस भारत में टोयोटा की दूसरी सबसे ज्यादा बिकने वाली कार है।

साल 2022 में लॉन्च होने के बाद यह पहली बार है, जब कंपनी इस प्रीमियम एमपीवी को बड़ा अपडेट देने जा रही है। लॉन्च से पहले कंपनी ने इसका पहला टीजर भी जारी कर दिया है। नए मॉडल में डिजाइन से लेकर फीचर्स और इंजन तक में कई बड़े बदलाव देखने को मिल सकते हैं।

डिजाइन
नई इनोवा हायक्रॉस के ओवरऑल डिजाइन और पुराने मॉडल की पहचान को बरकरार रखा जाएगा। हालांकि, इसके फ्रंट लुक में बदलाव देखने को मिलेंगे। टेस्टिंग के दौरान सामने आई तस्वीरों के अनुसार, नई एमपीवी का अगला हिस्सा पहले से ज्यादा सीधा और ऊंचा नजर आ सकता है। इसमें नई स्लेटेड ग्रिल के साथ बदला हुआ लोअर ग्रिल डिजाइन मिलने की उम्मीद है।

अलॉय व्हील्स
दूसरी ओर आगे की तरफ ज्यादा साफ-सुथरा डिजाइन और शार्प लाइटिंग एलिमेंट्स दिए जा सकते हैं। साइड प्रोफाइल में ज्यादा बदलाव की उम्मीद नहीं है। हालांकि, नए डिजाइन के अलॉय व्हील्स मिल सकते हैं। वहीं, पीछे की तरफ फ्लैट टेलगेट और कम उभरा हुआ बंपर देखने को मिल सकता है।

फीचर्स
इनोवा हायक्रॉस को हाल ही में इंडोनेशिया में अपडेट किया गया था। वहां इसे किजांग इनोवा जेनिक्स नाम से बेचा जाता है। इस अपडेट में कंपनी ने कई प्रीमियम फीचर्स जोड़े हैं। इनमें 12.3-इंच का टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम, 7-इंच का TFT MID, सभी पैसेंजर्स के लिए इन-कार वाई-फाई, 360-डिग्री कैमरा और आगे-पीछे डिजिटल वीडियो रिकॉर्डर (DVR) शामिल हैं। इसके अलावा, केबिन में नई थीम और बदली हुई सीट अपहोल्स्ट्री मिल सकती है।

E100 फ्यूल
नई इनोवा हायक्रॉस के इंजन को लेकर भी एक बड़ी चर्चा है। केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने ऐलान किया है कि टोयोटा 25 नवंबर को 100 पर्सेंट बायोएथेनॉल यानी E100 फ्यूल से चलने वाली इनोवा हायक्रॉस लॉन्च करने जा रही है। ऐसे में नए मॉडल में फ्लेक्स-फ्यूल टेक्नोलॉजी देखने को मिल सकती है। टोयोटा पहले ही हायक्रॉस पर बेस्ड फ्लेक्स-फ्यूल स्ट्रॉन्ग हाइब्रिड प्रोटोटाइप पेश कर चुकी है। इसमें 2.0-लीटर पेट्रोल इंजन को हाइब्रिड टेक्नोलॉजी के साथ अपडेट किया गया था, ताकि यह ज्यादा एथेनॉल वाले फ्यूल पर भी चल सके।

पावरट्रेन
फिलहाल इनोवा हायक्रॉस E20 फ्यूल पर चलने के लिए तैयार है। इसमें 2.0-लीटर पेट्रोल इंजन मिलता है। इसका पेट्रोल वैरिएंट 172.99bhp की पावर और 204Nm का टॉर्क जनरेट करता है। इसके साथ CVT गियरबॉक्स मिलता है। वहीं, स्ट्रॉन्ग हाइब्रिड वैरिएंट में इसी इंजन के साथ इलेक्ट्रिक मोटर और बैटरी पैक मिलता है। यह 186bhp की पावर और 191 Nm का टॉर्क जनरेट करता है।