फोन की जगह Samsung का AI चश्मा करेगा फोटो, कॉल और ट्रांसलेशन का काम

0
25

नाइ दिल्ली। Samsung ने AI की दुनिया में एक नया कदम उठाते हुए अपना स्मार्ट चश्मा (Intelligent Eyewear) पेश कर दिया है। कंपनी ने इसे फेमस आईवियर ब्रैंड Gentle Monster और Warby Parker के साथ मिलकर तैयार किया है। इस चश्मे में Google Gemini AI का सपोर्ट दिया गया है, जिसकी मदद से यूजर्स बिना स्मार्टफोन निकाले कई काम कर सकेंगे।

यह चश्मा आसपास मौजूद चीजों की पहचान करने, सवालों के जवाब देने, फोटो खींचने और अलग-अलग भाषाओं का ट्रांसलेशन करने जैसे काम कर सकता है। खास बात है कि कंपनी इसे 30 अलग-अलग डिजाइन में लेकर आई है।

30 डिजाइन में मिलेगा Samsung का AI चश्मा
सैमसंग ने अपने स्मार्ट चश्मे को नॉर्मल चश्मे जैसा लुक देने के लिए दो आईवियर ब्रैंड्स के साथ पार्टनर की है। Gentle Monster अपने बोल्ड और मॉडर्न डिजाइन के लिए जाना जाता है, जबकि Warby Parker क्लासिक फ्रेम डिजाइन पेश करता है। दोनों कंपनियां मिलकर इस कलेक्शन में कुल 30 डिजाइन उपलब्ध कराएंगी। इनमें अलग-अलग फ्रेम शेप, कलर और लेंस के विकल्प मिलेंगे।

स्मार्ट चश्मे का वजन करीब 41 ग्राम है। इसमें Qualcomm Snapdragon AR1 Gen 1 प्रोसेसर दिया गया है। हालांकि, इसमें कोई डिस्प्ले नहीं मिलता है। इसके बजाय यूजर्स को ऑडियो के जरिए AI से बातचीत करने की फंक्शनैलिटी मिलेगी। इसके लिए चश्मे में ओपन-ईयर स्पीकर्स और चार माइक्रोफोन दिए गए हैं।

आसपास की चीजों के बारे में पूछ सकेंगे सवाल
सैमसंग के इस स्मार्ट चश्मे की सबसे बड़ी खासियत Google Gemini AI का सपोर्ट है। इसकी मदद से यूजर्स अपने आसपास मौजूद चीजों के बारे में सवाल पूछ सकेंगे। उदाहरण के लिए, किसी अनजान इमारत या जगह को देखकर यूजर्स उसके बारे में जानकारी मांग सकते हैं। इसके बाद Gemini AI बातचीत को आगे बढ़ाते हुए दूसरे सवालों के जवाब भी दे सकता है।

इसमें 12 मेगापिक्सल का HDR कैमरा दिया गया है, जिसकी मदद से फोटो और वीडियो रिकॉर्ड किए जा सकते हैं। यूजर्स किसी मीटिंग में व्हाइटबोर्ड की फोटो लेकर Gemini से उसकी समरी तैयार करने के लिए कह सकते हैं। इस जानकारी को Samsung Notes में सेव करने का विकल्प भी मिलेगा।

इसके अलावा स्मार्ट चश्मे से अलग-अलग भाषाओं में लिखे मेन्यू का अनुवाद किया जा सकेगा। Google Maps की मदद से अनजान जगहों पर रास्ता जानने के लिए भी इसका इस्तेमाल कर सकेंगे। यूजर्स कॉल करने, मैसेज का जवाब देने और नोटिफिकेशन सुनने जैसे काम भी वॉयस कमांड के साथ कर पाएंगे।

9 घंटे तक चलेगी बैटरी
सैमसंग के मुताबिक, इस स्मार्ट चश्मे को एक बार चार्ज करने पर मैक्सिमम 9 घंटे तक इस्तेमाल किया जा सकता है। इसके चार्जिंग केस के साथ बैटरी बैकअप 72 घंटे तक पहुंच सकता है। इसमें 2GB रैम और 64GB स्टोरेज दी गई है। कनेक्टिविटी के लिए Wi-Fi 6E और Bluetooth 5.4 का सपोर्ट मिलता है। वहीं, IPX4 रेटिंग के कारण यह चश्मा पानी के छींटों, हल्की बारिश और पसीने से सुरक्षित रहेगा।

प्राइवेसी के लिए मिलेगा LED इंडिकेटर
स्मार्ट चश्मे में कैमरा होने के कारण प्राइवेसी का ध्यान रखना भी जरूरी है। सैमसंग ने इसके लिए एक LED इंडिकेटर दिया है। जब भी कैमरा फोटो या वीडियो रिकॉर्ड करेगा, तो बाहर की तरफ LED इंडिकेटर जल उठेगा। इससे आसपास मौजूद लोगों को पता चल सकेगा कि कैमरा इस्तेमाल किया जा रहा है। कंपनी ने कैमरे के इस्तेमाल को लेकर एक्सट्रा प्राइवेसी प्रोटेक्शन भी दिया है, जिससे इंडिकेटर को छिपाकर रिकॉर्डिंग करना आसान ना हो।

चश्मे की कीमत
सैमसंग के नए Intelligent Eyewear की शुरुआती कीमत 395 डॉलर (करीब 37,000 रुपये) रखी गई है। यह Warby Parker के फ्रेम की शुरुआती कीमत है। वहीं, Gentle Monster के स्मार्ट चश्मे की कीमत 449 डॉलर से 489 डॉलर (करीब 42,000 से 46,000 रुपये) तक जाती है। कंपनी ने अमेरिका और साउथ कोरिया में इसकी प्री-बुकिंग शुरू कर दी है। इसकी सेल 10 दिसंबर, 2026 से शुरू होगी। फिलहाल भारत में इसकी लॉन्चिंग और कीमत को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है। ऐसे में भारतीय यूजर्स को इसके लिए इंतजार करना पड़ सकता है।