Rajasthan Election: कांग्रेस लोगों को रुलाती है, हम आंसू पोछते हैं- वसुंधरा राजे

46

झालवाड़। Rajasthan Election: वसुंधरा राजे ने कहा कि कांग्रेस जनता को झूठे सपने दिखाकर सत्ता में बनी रहना चाहती है, लेकिन यह पब्लिक है जो जानती है कि ये वो ही कांग्रेस है, जिसने पिछले चुनाव में किसानों का दस दिन में कर्जा माफ करने का वादा किया था, जो पांच बरस में भी पूरा नहीं हुआ।

वादा खिलाफ़ी के कारण सैकड़ों किसान आत्महत्या कर चुके हैं। हमने वादा नहीं किया फिर भी किसानों की स्थिति को देखकर हमारी सरकार ने 27.15 लाख किसानों का साज हजार, 700 करोड़ का कर्जा माफ किया। राजे ने झालावाड़ के हरनावदा गजा, ढाबला भोज, दांता, बोलिया बारी, सरखेड़ी, रामपुरिया, शेरपुर, चंवली, रायपुर सहित डेढ़ दर्जन गांवों में जनसभा की।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने पूरे पांच साल झालावाड़ की उपेक्षा की। कांग्रेस और हम में यही फ़र्क़ है वो विकास में राजनीति करती हैं, जबकि हम राजनीति में विकास। पूर्व सीएम ने कहा कि राजस्थान के अच्छे दिन आने वाले हैं। कुछ ही दिनों की बात है। राजस्थान का नव निर्माण होगा। फिर से कमल खिलेगा।

उन्होंने कहा कहा कि भाजपा झूठे वादे नहीं करती, कांग्रेस झूठे वादों के बिना आगे नहीं बढ़ती। पेपर लीक के कारण युवा आत्महत्या कर रहे हैं। आज सबसे ज़्यादा बेरोज़गारी राजस्थान में है। पूर्व सीएम ने कहा कि कांग्रेस सिर्फ चुनाव के समय काम करती है, बाकी समय नहीं, जबकि हम हमेशा सेवा में जुटे रहते हैं। कांग्रेस लोगों को रुलाती है। हम लोगों के आंसू पोछते हैं। लोगों के चेहरे पर मुस्कान लाते हैं।