वरिष्ठ नागरिकों ने जाना आर्थराइटिस रोग के उपचार व सावधानियां

0
6

कोटा। वरिष्ठ नागरिक संस्थान की अक्टूबर माह की बैठक रविवार को एक होटल में संपन्न हुई। प्रसिद्ध आर्थोपेडिक डॉक्टर राहुल देव अरोड़ा ने गठिया रोग के कारण, निवारण व सावधानियों पर चर्चा की।

शहर के प्रतिष्ठित आर्थोपेडिक डॉक्टर राहुल देव अरोड़ा के स्पेशल सेशन में अर्थराइटिस और आर्थो संबंधी रोग, उपचार, सावधानियों के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने बताया कि उम्र बढ़ने के साथ-साथ हमारी हड्डियां कमज़ोर होने लगती हैं। इसके चलते जोड़ों में दर्द और सूजन की समस्या बढ़ने लगती है। जोड़ों में होने वाली इन समस्याओं को अर्थराइटिस (Arthritis) कहा जाता है।

उन्होंने बताया कि 40 के बाद ज्यादातर लोगों में होने वाली यह समस्या आमतौर पर घुटनों, कोहनी और कलाई को ज्यादा प्रभावित करती है। इसके चलते उंगलियों और पैरों के जॉइंट में ऐंठन, दर्द और सूजन का एहसास होने लगता है। शरीर के जोड़ों को प्रभावित करने वाली इस बीमारी के दो रूप हैं। पहला ऑस्टियो अर्थराइटिस और दूसरा है रुमेटाइड अर्थराइटिस।

डॉ. देव ने बीमारी के कारणों के बारे में चर्चा करते हुए कहा कि मोटापा, जेनेटिक, खराब खान-पान, बढ़ती उम्र, चोट लगना हो सकता है तथा जोड़ों में ऐंठन का एहसास, सूजन, दर्द लगातार बना रहना, झनझनाहट का अनुभव इसके प्रारंभिक लक्षण हैं। उन्होंने अर्थराइटिस-गठिया के निदान व सर्जरी के बारे में वरिष्ठ नागरिकों को समझाया।

अध्यक्ष टीपीएस सेठी ने बैठक में बताया कि सेवा सप्ताह के तहत प्रथम दिन शहर की खुशहाली के लिए हवन-पूजन किया, द्वितीय दिन जनता रसोई के तहत 100 गरीबजनों को भोजन, तीसरे दिन मदर टेरेसा होम में किराना सामान वितरण, चौथे दिन को ओल्ड एज होम में समय व्यतीत करना एवं उनके संग भोजन और पांचवें दिन कैंसर पेशेंट्स को दूध फल और बिस्किट्स आदि का वितरण किया गया।

बैठक में महामंत्री बी एस वर्मा ने संस्था की गतिविधियों की जानकारी देते हुए बताया कि 10 अक्टूबर को डांडिया महोत्सव आयोजित किया जाएगा और दिवाली के बाद दिवाली सेलिब्रेशन भी किया जाएगा। महेश चतुर्वेदी द्वारा पिछली मीटिंग के मिनट्स सदन में पढ़कर अप्रूव करवाए गए।

अक्टूबर माह के जन्मदिन और वैवाहिक वर्षगांठ वाले सदस्यों को फूलमाला पहनाकर शुभकामनाएं दी गईं। नए मेंबर्स को संस्था द्वारा स्मृति चिन्ह देकर स्वागत किया गया। संस्था के सुपर सीनियर सिटीजन 80 वर्ष से अधिक उम्र वालों का शाल और माला पहनाकर विशेष स्वागत किया गया। ब्रिगेडियर एन एस कपूर ने डॉक्टर राहुल देव का आभार प्रकट किया। अंत में सुमन श्रृंगी ने वोट ऑफ थैंक्स दिया। कार्यक्रम का संचालन डी के अरोड़ा ने किया।