जेल से रिहा हुए आर्यन खान, मन्नत’ में जश्न का माहौल

0
343

मुंबई।आखिरकार जिस पल का इंतजार था, वह आ ही गया। क्रूज ड्रग्स केस में आर्यन खान को 28 दिन बाद जेल से रिहाई मिल गई। आर्यन को बॉम्बे हाई कोर्ट ने गुरुवार को जमानत दी थी, जिसके अगले दिन यानी शुक्रवार को रिहाई होनी थी। लेकिन पेपर वर्क में देरी के कारण रिहाई टल गई। शनिवार को सारा पेपर वर्क होने के बाद आर्यन को आर्थर रोड जेल से रिहा कर दिया गया।

आर्यन को सुबह 11 बजे जेल से रिहा किया गया। जेल से बाहर निकलने के बाद आर्यन, बॉडीगार्ड रवि के साथ रेंज रोवर में सवार हो गए। इससे पहले रवि, आर्यन का हैंडओवर लेने के लिए जेल के अंदर गए थे। पिता शाहरुख खान आर्यन को लेने पहुंचे थे।

जेल प्रशासन ने आर्यन को रवि के हवाले किया। आर्यन जेल से बाहर निकले और सीधे गाड़ी में बैठकर मन्नत की ओर रवाना हो गए। उनके जेल से बाहर निकलते ही फैन्स के बीच खुशी देखी गई और मन्नत के बाहर भारी भीड़ जुटती गई। मन्नत और जेल के बाहर फैंस की भीड़ लगी है। घर पर सभी आर्यन की स्वागत की तैयारी में लगे हुए हैं। 

आर्यन के रिलीज का ऑर्डर शनिवार सुबह ही जेल पहुंच गया था, जिसके बाद रिहाई की प्रक्रिया तेजी से शुरू कर दी गई थी। सुबह से ही आर्थर रोड जेल के बाद सुरक्षा कड़ी कर दी गई थी। शाहरुख के फैन्स भी भारी संख्या में आर्थर रोड जेल के बाहर जमा हो गए। उधर ‘मन्नत’ में जश्न का माहौल है। आर्यन के जोरदार स्वागत के लिए ‘मन्नत’ को लाइटों और दीयों से पूरी तरह जगमग कर दिया गया।