फरवरी में कार बिक्री में उछाल, कौनसी कंपनी रही टॉप पर

800

नई दिल्ली। फरवरी का महीना कार कंपनियों के लिए अच्छा रहा। देश की दिग्गज कार कंपनियों की बिक्री में उछाल देखने को मिला है। हाल में आए आर्थिक आंकडों के बाद कार कंपनियों की बिक्री में उछाल इकोनॉमी में रिकवरी का संकेत देती है।

हालांकि, आने वाले महीनों में ब्याज दरों में बढोतरी की गहराती आशंका कार कंपनियों के लिए नकारात्मक हो सकती है। आपको बता दें देश के दो दिग्गज बैंकों SBI और PNB ने गुरूवार को MCLR में बढोतरी की हैं, जिसके चलते कार लोन महंगा हो जाएगा।

पैसेंजर व्हीकल सेगमेंट में देश की दिग्गज कार निर्माता कंपनियों की फरवरी महीने की बिक्री में तेजी देखने को मिली है। एक ओर जहां मारुति सुजुकी, हुंडई, टाटा मोटर्स, महिंद्रा, टोयोटा और फोर्ड की बिक्री में तेजी देखने को मिली है तो वहीं, दूसरी ओर फरवरी 2018 में होंडा की बिक्री में गिरावट देखने को मिली है।

मोटर्स की बिक्री में 45% की तेजी: टाटा मोटर्स ने पैसेंजर व्हीकल सेगमेंट में फरवरी महीने में 45 फीसद की तेजी के साथ 17,771 यूनिट्स की बिक्री की है। इससे बीते वर्ष समान अवधि में कंपनी ने 12,272 यूनिट्स की बिक्री की थी। कंपनी को मजबूत वृद्धि कार सेगमेंट में टाटा टियागो, टिगोर, जेस्ट को मिल रही प्रतिक्रियाओं के चलते मिली है।

इसके साथ ही यूटिलिटी व्हीकल सेगमेंट में टाटा नेक्सन और हेक्सा को भी मजबूत प्रतिक्रिया मिली हैं। अप्रैल 2017 से फरवरी 2018 तक टाटा मोटर्स ने 21 फीसद की वृद्धि के साथ 167,055 यूनिट्स की बिक्री की है। वहीं, बीते वर्ष समान अवधि में कंपनी ने 137,718 वाहन बेचे थे।

टाटा मोटर्स के कमर्शियल व्हीकल सेगमेंट की बात करें तो कंपनी ने 36 फीसद वृद्धि के साथ फरवरी 2018 में 41,222 यूनिट्स की बिक्री की है, जबकि बीते वर्ष समान अवधि में कंपनी ने 30,407 यूनिट्स बेची थीं।

कमर्शियल और पैसेंजर व्हीकल दोनों सेगमेंट में टाटा मोटर्स ने 38 फीसद वृद्धि के साथ कुल 58,993 यूनिट्स की बिक्री की है। इससे बीते वर्ष समान अवधि में यह आंकड़ा 42,679 यूनिट्स का था।

मारुति सुजुकी की बिक्री में 15% की तेजी:देश की प्रमुख कार निर्माता कंपनी मारुति सुजुकी इंडिया ने फरवरी महीने में कुल 149,824 वाहनों की बिक्री कर 15 फीसद का मुनाफा हांसिल किया, जबकि पिछले साल की सामान अवधि में यह आंकड़ा 137,900 यूनिट्स का रहा।

मारुति ऑल्टो और वैगनआर की बिक्री में 38.7 फीसद की वृद्धि के साथ 65,213 यूनिट्स का आंकड़ा देखा गया, जबकि फरवरी 2017 में कंपनी ने इनकी 47,002 यूनिट्स बेची थीं।

कॉम्पैक्ट सेगमेंट की गाड़ियों की बात करें तो स्विफ्ट, रिट्ज, सिलेरियो, इग्निस, बलेनो, डिजायर की फरवरी महीने की बिक्री में 38.7 फीसद का इजाफा हुआ है। वहीं, सियाज की बिक्री में 16.8 फीसद की गिरावट देखने को मिली है।
मारुति के यूटिलिटी व्हीकल्स जिप्सी, अर्टिगा, एस-क्रॉस, विटारा ब्रेजा की बिक्री में 13.8 फीसद का इजाफा हुआ है।

फरवरी महीने में इनकी 20,324 यूनिट्स की बिक्री हुई है, जबकि पिछले साल इसी महीने में इनकी 5886 वाहनों की बिक्री हुई थी। वहीं, ओमनी और ईको में 12.5 फीसद की गिरावट देखने को मिली है।

हुंडई की बिक्री में 5.1% की तेजी: हुंडई मोटर इंडिया लिमिटेड ने फरवरी 2018 में 5.1 फीसद की वृद्धि के साथ 55,422 यूनिट्स की बिक्री की है। इससे बीते वर्ष समान अवधि में यह आंकड़ा 52,734 यूनिट्स का रहा है। घरेलू बाजार में कंपनी ने 5.1 फीसद की वृद्धि के साथ 44,505 यूनिट्स की बिक्री की है। फरवरी 2017 में यह आंकड़ा 42,327 यूनिट्स का रहा।

निर्यात की बात करें तो कंपनी ने फरवरी 2018 में 4.9 फीसद की वृद्धि के साथ 10,917 यूनिट्स का निर्यात किया है। इससे बीते वर्ष समान अवधि में कंपनी ने 10,407 यूनिट्स का निर्यात किया था।

महिंद्रा की बिक्री में 8% तेजी: महिंद्रा एंड महिंद्रा ने फरवरी महीने में 8 फीसद वृद्धि के साथ 22,389 यूनिट्स की बिक्री की है। इससे बीते वर्ष समान अवधि में कंपनी ने 20,717 यूनिट्स की बिक्री की थी। घरेलू बाजार में कंपनी ने 20 फीसद वृद्धि के साथ 48,473 यूनिट्स की बिक्री की है, जबकि फरवरी 2017 में यह आंकड़ा 40526 यूनिट्स का था।

टोयोटा की बिक्री में मामूली बढ़त: टोयोटा किर्लोस्कर मोटर ने घरेलू बाजार में फरवरी महीने में 2.78 फीसद के साथ 12,705 यूनिट्स की बिक्री की है, जबकि फरवरी 2017 में यह आंकड़ा 11,543 यूनिट्स का रहा। कंपनी ने फरवरी महीने में कुल 12,705 वाहन बेचे हैं।

फोर्ड की बिक्री में 8.43% की बढ़त: फोर्ड इंडिया की घरेलू थोकबिक्री में 8.43 फीसद की वृद्धि के साथ 9,041 यूनिट्स की बिक्री हुई है। फरवरी 2017 में कंपनी ने 8,338 यूनिट्स की बिक्री की थी।

होंडा की बिक्री में 18% की गिरावट: होंडा कार्स इंडिया की घरेलू बिक्री में 18 फीसद की गिरावट देखने को मिली है। कंपनी ने फरवरी 2018 में 11,650 यूनिट्स की बिक्री की है, जबकि फरवरी 2017 में कंपनी ने 14,249 यूनिट्स की बिक्री की थी।

फरवरी महीने में सिटी सेडान (3885 यूनिट्स) और WR-V (3364 यूनिट्स) की बिक्री सबसे ज्यादा देखने को मिली है। वहीं, ब्रियो (375 यूनिट्स), BR-V (822 यूनिट्स), अमेज (933 यूनिट्स) और CR-V (14 यूनिट्स) की बिक्री में काफी गिरावट देखने को मिली है।