Market: सेंसेक्स 500 अंक नीचे 82031 पर बंद, निवेशकों के 5 लाख करोड़ डूबे

0
19

नई दिल्ली। Stock Market Closed : घरेलू शेयर बाजार में 2 सेशन से जारी तेजी पर ब्रेक लग गया। बेंचमार्क इंडेक्स लाल निशान में बंद हुए। सेंसेक्स 500 अंकों की गिरावट के साथ 82031 पर बंद हुआ, जो सेशन के दौरान 81780 तक फिसला। निफ्टी भी 159 अंक टूटकर 25227 पर बंद हुआ।

ब्रॉडर मार्केट में भी बिकवाली दर्ज की गई। मिडकैप इंडेक्स सवा फीसदी टूट गया। स्मॉलकैप इंडेक्स में 0.35 फीसदी की कमजोरी रही। सेक्टोरल परफॉर्मेंस पर नजर डालें तो ऑटो, IT और मेटल इंडेक्स NSE पर 1-2.5 फीसदी तक टूटे। वहीं, मीडिया, फार्मा और सरकारी बैंक शेयरों में तेजी देखने को मिली।

पीएल कैपिटल में एडवाइजरी एंड डीलिंग के चीफ बिजनेस ऑफिसर विक्रम कसाट के मुताबिक, आज शेयर बाजार में आई गिरावट की वजह निवेशकों की मुनाफावसूली है। नवंबर में बाजार में आई तेज तेजी के बाद निवेशक मुनाफा निकाल रहे हैं। इसका मतलब यह नहीं है कि बाजार को लेकर निवेशकों का भरोसा कमजोर हो गया है।

एनरिच मनी के CEO पोनमुडी आर ने कहा कि निफ्टी के लिए 25,400 से 25,500 का स्तर अहम रेजिस्टेंस बना हुआ है। अगर इंडेक्स इस दायरे को मजबूती से पार करता है, तो बाजार में दोबारा तेजी लौट सकती है और निफ्टी आगे ऊंचे स्तरों की ओर बढ़ सकता है।

वहीं, गिरावट की स्थिति में निफ्टी को 25,200 से 25,100 के बीच पहला सपोर्ट मिल सकता है। इसके नीचे 25,000 का स्तर बेहद अहम रहेगा। बाजार में ज्यादा कमजोरी से बचने के लिए निफ्टी का इन सपोर्ट स्तरों के ऊपर बने रहना जरूरी है।

निवेशकों के करीब 5 लाख करोड़ डूबे
घरेलू शेयर बाजार में पिछले कई दिनों से चली आ रही तेजी पर आज ब्रेक लग गया। पिछले सत्र में सेंसेक्स करीब 9 महीने के हाई पर पहुंच गया था। इस महीने बीएसई सेंसेक्स और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज के निफ्टी में करीब 11 फीसदी तेजी आई थी। लेकिन आज कारोबार के दौरान सेंसेक्स 700 अंक से अधिक गिर गया। निफ्टी में भी 200 अंक की गिरावट आई। इस गिरावट से निवेशकों को करीब 5 लाख करोड़ रुपये का नुकसान हुआ।