ऋद्धि-सिद्धि नगर जैन मंदिर में कल्पद्रुम महामंडल विधान का आयोजन
कोटा। जिनेंद्र भक्ति, आध्यात्मिक उल्लास और धार्मिक अनुष्ठानों की दिव्यता के बीच कुन्हाड़ी स्थित चंद्रप्रभु दिगंबर जैन मंदिर, ऋद्धि-सिद्धि नगर में बुधवार को कल्पद्रुम महामंडल विधान की आराधना ने भक्ति का अनुपम वातावरण सृजित किया।
मंदिर अध्यक्ष राजेन्द्र गोधा एवं मंत्री पंकज खटोड ने बताया कि मुनि प्रवर्तक विश्वनायक सागर महाराज के सान्निध्य में आयोजित विधान में भव्य समवसरण की रचना श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रही। करीब 200 इंद्र-इंद्राणियों ने धार्मिक पात्रों के रूप में सहभागिता निभाते हुए तीर्थंकरों की आराधना की और पुण्यार्जन किया।
प्रातःकाल भगवान जिनेंद्र के अभिषेक एवं नित्य पूजन के साथ विधान की धार्मिक क्रियाओं का शुभारंभ हुआ। इसके बाद इंद्र-इंद्राणियों ने विधि-विधान और मंत्रोच्चार के बीच भव्य समवसरण में विभिन्न भूमियों की पूजा-अर्चना की।
ध्वजभूमि में पताकाओं की पूजा के साथ धर्मध्वजा के प्रति श्रद्धा प्रकट की गई। कल्पवृक्षभूमि में मनोकामनाओं की पूर्ति के प्रतीक कल्पवृक्ष की आराधना की गई। सिद्धभूमि में सिद्ध परमेष्ठियों की आराधना करते हुए 96 अर्घ्य समर्पित किए गए। सातवीं भवनभूमि में अरिहंत सिद्धि की आराधना के साथ 96 अर्घ्य चढ़ाए गए। वहीं श्री मंडपभूमि में 24 तीर्थंकरों की आराधना कर अर्घ्य समर्पित किए गए।
विधान के दौरान भगवान आदिनाथ स्वामी एवं भगवान महावीर स्वामी के भव्य समवसरण की महिमा का वर्णन किया गया। समवसरण की दिव्य संरचना और तीर्थंकरों की देशना से जुड़े प्रसंगों ने श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक अनुभूति कराई।
मुनिश्री के सान्निध्य में हुई आराधना, धार्मिक मंत्रोच्चार और भक्ति संगीत से मंदिर परिसर जिनेंद्र भगवान के जयकारों से गूंज उठा। संगीतकार मनीष जैन सरगम ने सुमधुर भजनों की प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को भक्तिरस में सराबोर किया।

