Crude Oil Price: इंटरनेशनल मार्केट में सस्ता हुआ कच्चा तेल; ब्रेंट 93 डॉलर के नीचे

0
25

नई दिल्ली। Crude Oil Prices: इंटरनेशनल मार्केट में कच्चे तेल की कीमतों में बुधवार (18 नवंबर) को नरमी देखने को मिल रही। कीमतों पर अमेरिका में कच्चे तेल और पेट्रोलियम उत्पादों का भंडार बढ़ने का दबाव है। हालांकि, अमेरिका और ईरान के बीच जारी सैन्य तनाव और होर्मुज स्ट्रेट से जहाजों की आवाजाही में रुकावट की वजह से कीमतों में कमजोरी सीमित है।

रॉयटर्स के मुताबिक शुरुआती कारोबार में अमेरिकी कच्चे तेल WTI का वायदा भाव 56 सेंट यानी 0.65 फीसदी गिरकर 85.45 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया। वहीं, अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड का वायदा भाव 16 सेंट यानी 0.17 फीसदी की गिरावट के साथ 92.98 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा था।

अमेरिका में कच्चे तेल और ईंधन का भंडार बढ़ने से कीमतों पर दबाव पड़ा है। न्यूज एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक, बाजार से जुड़े सूत्रों ने अमेरिकी पेट्रोलियम संस्थान (API) के आंकड़ों के हवाले से बताया कि 13 नवंबर को खत्म हफ्ते में अमेरिका का कच्चे तेल का भंडार 52.8 लाख बैरल बढ़ गया। इसी दौरान पेट्रोल का भंडार 51.2 लाख बैरल और डिस्टिलेट यानी डीजल जैसे ईंधन का भंडार 3.51 लाख बैरल बढ़ा। भंडार में बढ़ोतरी से बाजार में सप्लाई पर्याप्त रहने की उम्मीद मजबूत हुई है, जिसका असर कच्चे तेल की कीमतों पर पड़ा।

अमेरिका और ईरान के बीच तनाव बरकरार
कच्चे तेल के भंडार में बढ़ोतरी के बावजूद पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव ने कीमतों में गिरावट को सीमित रखा है। अमेरिका और ईरान के बीच हमले जारी हैं। इसके अलावा होर्मुज स्ट्रेट से गुजरने वाले जहाजों पर हमलों के कारण तेल की सप्लाई बाधित होने की आशंका बनी हुई है।

बहरीन के रक्षा बलों ने बुधवार को बताया कि उन्होंने देश पर ईरान की ओर से किए गए हवाई हमलों को नाकाम कर दिया। बता दें कि बहरीन में अमेरिकी नौसेना का पांचवां बेड़ा तैनात है। यह घटना अमेरिका और ईरान के बीच एक दिन पहले हुए हमलों के बाद सामने आई है।

मंगलवार को ईरान के ड्रोन ने बहरीन में अमेरिकी सेना की एक रडार प्रणाली को निशाना बनाया था। इसके जवाब में अमेरिका ने ईरान के केशम द्वीप पर मिसाइल प्रक्षेपण केंद्र पर हमला किया। तनाव बढ़ने के कारण मंगलवार को ब्रेंट और डब्ल्यूटीआई दोनों की कीमतें बढ़त के साथ बंद हुई थीं। हालांकि, इस दौरान ईरान और मध्यस्थ देशों ओमान तथा कतर के बीच बातचीत भी जारी रही।

होर्मुज स्ट्रेट में जहाजों की आवाजाही पर असर
होर्मुज स्ट्रेट से तेल और गैस ले जाने वाले जहाजों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता बढ़ गई है। सोमवार को ओमान के तट के पास इस समुद्री रास्ते से गुजर रहे तरलीकृत पेट्रोलियम गैस (LPG) के एक टैंकर पर हमला हुआ। किसी वस्तु के टकराने के बाद जहाज के चालक दल को उसे खाली करना पड़ा।

LSEG के एनालिस्ट्स ने मंगलवार को जारी एक रिपोर्ट में कहा कि वैकल्पिक रास्तों से क्षेत्र में तेल की आपूर्ति धीरे-धीरे सुधर सकती है। हालांकि, जहाजों की आवाजाही के ताजा आंकड़े बताते हैं कि मौजूदा परिस्थितियों में होर्मुज स्ट्रेट से तेल की सप्लाई सामान्य होना अभी संभव नहीं है।

सऊदी अरब की तेल पाइपलाइन पर हमला
इस बीच यमन के ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों ने मंगलवार को दावा किया कि उन्होंने सऊदी अरब की पूर्व-पश्चिम तेल पाइपलाइन के दो पंपिंग सेंटर्स की ओर पांच ड्रोन भेजे। सऊदी अरब इस पाइपलाइन का इस्तेमाल होर्मुज स्ट्रेट से बचते हुए कच्चे तेल को लाल सागर के तट पर स्थित यनबू बंदरगाह तक पहुंचाने के लिए कर रहा है। वहां से कच्चे तेल का निर्यात किया जाता है।

इस पाइपलाइन पर हमले के दावे से तेल की आपूर्ति को लेकर चिंता और बढ़ गई है। ऐसे में अमेरिका में तेल का भंडार बढ़ने से कीमतों पर दबाव जरूर पड़ा है, लेकिन पश्चिम एशिया में सैन्य संघर्ष और समुद्री रास्तों पर जोखिम के कारण अंतरराष्ट्रीय तेल बाजार में अनिश्चितता बनी हुई है।