विद्युत तंत्र के सदृढ़ीकरण की परियोजनाओं को समयबद्धता से पूर्ण किया जाए: ऊर्जा मंत्री

0
14

कोटा। ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार प्रदेश को ऊर्जा के क्षेत्र में सरप्लस स्टेट बनाने के संकल्प के साथ काम कर रही है। ऐसे में यह जरूरी है कि विद्युत उपलब्धता की दृष्टि से महत्वपूर्ण उत्पादन एवं विद्युत तंत्र के सदृढ़ीकरण की परियोजनाओं को समयबद्धता से पूर्ण किया जाए।

मंत्री नागर विद्युत भवन जयपुर में प्रदेश में विद्युत उपलब्धता, आगामी रबी सीजन के दौरान निर्बाध बिजली आपूर्ति की तैयारियों, किसानों को दिन के दो ब्लॉक में विद्युत आपूर्ति, पीएम कुसुम, आरडीएसएस, पीएम सूर्यघर सहित अन्य योजनाओं की प्रगति की समीक्षा कर रहे थे।

बैटरी ऊर्जा भंडारण परियोजनाओं को दें गति
प्रदेश में नवीकरणीय ऊर्जा की बढ़ती हिस्सेदारी को देखते हुए ऊर्जा मंत्री ने बैटरी एनर्जी स्टोरेज परियोजनाओं की प्रगति पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि सौर और पवन ऊर्जा के प्रभावी उपयोग तथा पीक आवर्स में ग्रिड की स्थिरता बनाए रखने के लिए बैटरी स्टोरेज प्रणाली महत्वपूर्ण है। उन्होंने संबंधित निगमों को भूमि आवंटन, निविदा प्रक्रिया और निर्माण कार्यों में तेजी लाकर प्रोजेक्ट्स को निर्धारित लक्ष्य की समय सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।

श्री नागर ने पम्प स्टोरेज परियोजनाओं में भी लक्ष्य के अनुरूप प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पीक डिमांड को पूरा करने के लिए बैटरी ऊर्जा भंडारण परियोजनाओं तथा पम्प स्टोरेज परियोजनाओं को विकसित करना आवश्यक है। उन्होंने अक्षय ऊर्जा निगम, उत्पादन निगम तथा वितरण निगमों द्वारा विकसित किए जा रहे बैटरी ऊर्जा भंडारण प्रोजेक्टों की समीक्षा की।

रबी सीजन में किसानों को निर्बाध आपूर्ति सर्वोच्च प्राथमिकता
आगामी रबी फसल सीजन की तैयारियों की गहन समीक्षा करते हुए ऊर्जा मंत्री ने कहा कि सिंचाई के समय किसानों को बिना किसी व्यवधान के पर्याप्त बिजली उपलब्ध कराना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। कृषि फीडरों के रखरखाव, ट्रांसफार्मरों की उपलब्धता और लोड प्रबंधन की सभी तैयारियां समय रहते पूरी कर ली जाएं, ताकि रबी सीजन में ट्रिपिंग या वोल्टेज की समस्या उत्पन्न न हो।

फीडर सेग्रीगेशन कार्यों की समीक्षा
ऊर्जा मंत्री ने आरडीएसएस योजना में किए जा रहे कृषि और घरेलू फीडरों के पृथक्करण और विद्युत तंत्र के सुदृढ़ीकरण के कार्यों की प्रगति की भी समीक्षा की। उन्होंने कहा कि फीडर सेग्रीगेशन का कार्य जल्द पूरा होने से ग्रामीण क्षेत्रों में घरेलू उपभोक्ताओं को निर्बाध और किसानों को निर्धारित ब्लॉक में गुणवत्तापूर्ण बिजली मिल सकेगी। उन्होंने फीडर सेग्रीगेशन कार्यों में धीमी प्रगति हासिल करने वाले संवेदकों के विरूद्ध कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

प्रसारण तंत्र को दें मजबूती
ऊर्जा मंत्री ने कहा कि नवीकरणीय ऊर्जा की निकासी के लिए राजस्थान में ग्रीन एनर्जी कॉरिडोर के अन्तर्गत नई ट्रांसमिशन लाइनों तथा ग्रिड सब स्टेशनों के निर्माण पर हम तेजी से काम कर रहे हैं। इससे राज्य में उत्पादित अक्षय ऊर्जा का उपयोग सुनिश्चित हो सकेगा। बैठक में ऊर्जा विभाग की शासन सचिव आरती डोगरा ने विभिन्न परियोजनाओं में प्रगति से अवगत कराया।

किसानों को दिन में दो ब्लॉक में विद्युत आपूर्ति
उन्होंने बताया कि प्रदेश के 28 जिलों में किसानों को दिन में दो ब्लॉक में विद्युत आपूर्ति की जा रही है। अजमेर डिस्कॉम प्रदेश का पहला ऐसा वितरण निगम है जहां सभी जिले दो ब्लॉक सप्लाई से जुड़ चुके हैं। इसी प्रकार जयपुर डिस्कॉम के शेष 4 जिलों सवाई माधोपुर, कोटपूतली-बहरोड़, बारां और अलवर में भी किसानों को दो ब्लॉक सप्लाई से जोड़ने के लिए 33 केवी के 28 नए जीएसएस तैयार किए जा रहे हैं।

अक्षय ऊर्जा निगम के सीएमडी रोहित गुप्ता, ऊर्जा विकास निगम के एमडी शिवप्रसाद नकाते, अजमेर एवं जोधपुर डिस्कॉम के प्रबंध निदेशक डॉ. भंवरलाल तथा उत्पादन निगम के सीएमडी देवेन्द्र श्रृंगी ने भी परियोजनाओं की प्रगति की जानकारी दी। ऊर्जा विभाग की संयुक्त सचिव नित्या के तथा सभी विद्युत निगमों के निदेशक तकनीकी एवं निदेशक ऑपरेशन सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी इस दौरान उपस्थित रहे।