राष्ट्रीय प्राकृतिक चिकित्सा दिवस, जागरूकता रैली निकाल दिया निरोगी जीवन का संदेश
कोटा। बदलती जीवनशैली और बढ़ती स्वास्थ्य चुनौतियों के दौर में प्राकृतिक चिकित्सा केवल उपचार की पद्धति नहीं, बल्कि स्वस्थ एवं संतुलित जीवन जीने का प्रभावी माध्यम बनकर उभर रही है। प्रकृति के नियमों का पालन, सात्विक आहार, नियमित योगाभ्यास और संतुलित दिनचर्या अपनाकर अनेक स्वास्थ्य समस्याओं से बचा जा सकता है।
स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए प्राकृतिक चिकित्सा को जीवनशैली का हिस्सा बनाना आवश्यक है। यह विचार कृषि विश्वविद्यालय की कुलगुरु प्रो. विमला डूंकवाल ने मंगलवार को राजकीय आयुर्वेद, योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा महाविद्यालय में आयोजित 9वें राष्ट्रीय प्राकृतिक चिकित्सा दिवस के मुख्य समारोह में व्यक्त किए।
प्रो. डूंकवाल ने कहा कि प्राकृतिक चिकित्सा व्यक्ति को प्रकृति के करीब लाकर शरीर और मन के बीच संतुलन स्थापित करने का मार्ग प्रशस्त करती है। पृथ्वी, जल, अग्नि, वायु और आकाश जैसे पंचमहाभूतों पर आधारित यह चिकित्सा पद्धति स्वस्थ जीवन की भारतीय परंपरा और प्राकृतिक जीवनशैली का महत्वपूर्ण आधार है।
उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे नेचुरोपैथी के सिद्धांतों को स्वयं के जीवन में अपनाने के साथ समाज के प्रत्येक वर्ग तक इसके लाभ पहुंचाएं, ताकि स्वस्थ भारत की संकल्पना को साकार किया जा सके।
‘करो योग, रहो निरोग’ के नारों से गूंजा शहर
अतिरिक्त निदेशक डॉ. अंजना शर्मा ने बताया कि राष्ट्रीय प्राकृतिक चिकित्सा दिवस के अवसर पर महाविद्यालय के शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं अधीनस्थ कर्मचारियों ने सुबह जनजागरूकता रैली निकाली। सुबह 10 बजे महाविद्यालय परिसर से शुरू हुई रैली तलवंडी चौराहे से होते हुए विज्ञान नगर चौराहे तक पहुंची। विद्यार्थियों ने ‘करो योग, रहो निरोग’, ‘मिट्टी, पानी और हवा, सब रोगों की यही दवा’ तथा ‘पहला सुख निरोगी काया’ जैसे नारों के माध्यम से आमजन को प्राकृतिक चिकित्सा और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।
वार्ड पार्षद सोमा आहलूवालिया एवं योगेश राणा ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। रैली का नेतृत्व महाविद्यालय के प्राचार्य नित्यानंद शर्मा ने किया।
पंचमहाभूतों पर आधारित चिकित्सा पद्धति की बताई महत्ता
महाविद्यालय के प्राचार्य वैद्य नित्यानंद शर्मा ने बताया कि मुख्य समारोह धन्वंतरि सभागार में आयोजित हुआ। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में आयुर्वेद विभाग, कोटा संभाग की अतिरिक्त निदेशक डॉ. अंजना शर्मा उपस्थित रहीं, जबकि मुख्य वक्ता योगाचार्य राजेश चतर ने प्राकृतिक चिकित्सा के विभिन्न आयामों पर विस्तार से प्रकाश डाला।
उन्होंने कहा कि आहार-विहार, पथ्य-परहेज, नियमित दिनचर्या और प्राकृतिक जीवनशैली स्वस्थ रहने के महत्वपूर्ण आधार हैं। पंचमहाभूतों पृथ्वी, जल, तेज, वायु और आकाश के माध्यम से संचालित प्राकृतिक चिकित्सा पद्धति शरीर की स्वाभाविक उपचार क्षमता को प्रोत्साहित करती है। वक्ताओं ने आमजन से प्रकृति के साथ सामंजस्य स्थापित करने और प्राकृतिक जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया।
दो दिवसीय प्राकृतिक चिकित्सा शिविर का समापन
महाविद्यालय के प्राचार्य वैद्य नित्यानंद शर्मा ने बताया कि कार्यक्रम के साथ ही 17 एवं 18 नवंबर को आयोजित दो दिवसीय प्राकृतिक चिकित्सा शिविर का भी समापन हुआ। जिला आयुर्वेद चिकित्सालय, तलवंडी स्थित योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा अनुसंधान केंद्र के कमरा नंबर 29 में आयोजित शिविर में प्राकृतिक चिकित्सक डॉ. धर्मराज मीणा एवं डॉ. हेमलता भाटी ने अपनी सेवाएं दीं। शिविर के माध्यम से लोगों को प्राकृतिक चिकित्सा के विभिन्न उपचारों एवं स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम सचिव डॉ. रंगोली रानी चौहान ने बताया कि इस वर्ष राष्ट्रीय प्राकृतिक चिकित्सा दिवस की थीम ‘प्राकृतिक चिकित्सा-स्वस्थ भारत’ रखी गई। कार्यक्रम का संचालन डॉ. स्मृति पांडे ने किया। समारोह में योगाभ्यास का प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों एवं सभी वक्ताओं का प्राचार्य नित्यानंद शर्मा ने प्रतीक चिह्न, प्रमाण पत्र एवं उपर्णा पहनाकर अभिनंदन किया। आयोजन में महाविद्यालय के शिक्षकों, विद्यार्थियों और कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई।

