होटल फेडरेशन कोटा संभाग का दीपावली स्नेह मिलन एवं सम्मान समारोह आज

0
43

होटल व्यवसायी, व्यापारी, उद्योगपति, जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी होंगे शामिल

कोटा। होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान, कोटा डिवीजन द्वारा दीपावली स्नेह मिलन एवं सम्मान समारोह का आयोजन आज सायं 7:30 बजे बूंदी रोड स्थित माहेश्वरी रिसोर्ट पर किया जाएगा।

होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान, कोटा डिवीजन के अध्यक्ष अशोक माहेश्वरी, महासचिव संदीप पाडिया एवं कोषाध्यक्ष अंकुर गुप्ता ने बताया कि समारोह की तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया गया है।

इसी संबंध में होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान, कोटा डिवीजन एवं कोटा व्यापार महासंघ के पदाधिकारियों की एक बैठक होटल फेडरेशन के संभाग अध्यक्ष एवं कोटा व्यापार महासंघ के महासचिव अशोक माहेश्वरी की अध्यक्षता में आयोजित की गई, जिसमें समारोह की तैयारियों की समीक्षा कर सभी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया गया।

बैठक में सभी सदस्यों ने एक मत से कहा कि व्यापार महासंघ की करीब 170 संस्थाओं ने बाजारों में बेहतरीन स्वच्छता एवं सजावट की है। इस व्यवस्था को अगर वर्ष पर रखा जाए तो और बेहतर होगा। ताकि जो भी बाजार वर्ष पर स्वच्छता एवं व्यवस्था को व्यवस्थित बनाए रखेंगे, उनका समारोह में सम्मान करने में भी वरीयता प्रदान की जाए।

माहेश्वरी ने बताया कि इस समारोह में पूरे हाड़ौती संभाग के होटल एवं रिसोर्ट व्यवसायी, व्यापार एवं उद्योग जगत के प्रतिनिधि, जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, गणमान्य नागरिक एवं मीडिया बंधु शामिल होंगे। उन्होंने बताया कि दीपावली पर्व पर शहर में आयोजित स्वच्छता एवं आकर्षक सजावट प्रतियोगिता के विजेताओं को समारोह में प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा।

प्रतियोगिता के विजेताओं में बाजार सजावट श्रेणी में श्री सर्राफा बोर्ड, न्यू सर्राफा मार्केट को प्रथम, विज्ञान नगर व्यापार संघ को द्वितीय एवं श्री स्वर्ण रजत कला उत्थान समिति को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ।

व्यक्तिगत प्रतिष्ठान श्रेणी में जौहरी एंड जेम्स ज्वैलर्स को प्रथम, आहलूवालिया मॉल को द्वितीय एवं काका कॉम्प्लेक्स को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ। होटल एवं रिसोर्ट श्रेणी में पारस होटल को प्रथम, होटल ओट्स को द्वितीय एवं होटल अनंता एलाइट को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ। सभी विजेताओं को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा।

अशोक माहेश्वरी ने बताया कि समारोह में केवल सजावट एवं स्वच्छता प्रतियोगिता के विजेताओं का ही नहीं, बल्कि कोटा शहर के विकास में विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली संस्थाओं एवं प्रशासनिक अधिकारियों का भी सम्मान किया जाएगा।

इसमें शहर की कानून व्यवस्था बनाए रखने, पर्यटन विकास, स्वच्छता व्यवस्था, पार्किंग प्रबंधन, जल संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण एवं ग्रीन एनर्जी के क्षेत्र में विशेष योगदान देने वाले अधिकारियों एवं संस्थाओं को सम्मानित किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य दीपावली के अवसर पर शहर को स्वच्छ, सुंदर एवं आकर्षक बनाने में सहयोग देने वाले व्यापारिक संगठनों, प्रतिष्ठानों, होटल एवं रिसोर्ट व्यवसायियों तथा प्रशासनिक अधिकारियों के योगदान को प्रोत्साहित करना और उनके कार्यों का सम्मान करना है।

बैठक में इनकी रही मौजूदगी
बैठक में होटल फेडरेशन आफ राजस्थान कोटा डिवीजन के सलाहकार गणपतलाल शर्मा, अनिल मूंदड़ा, कोटा व्यापार महासंघ के कोषाध्यक्ष राजेंद्र कुमार जैन, दी एसएसआई एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष मनीष माहेश्वरी, अमित सिंघल, मुकेश गुप्ता, स्टोन मर्चेंट विकास समिति के पूर्व सचिव रवींद्र लुहड़िया, सेंड स्टोन एंड मार्बल उद्योग संघ के अध्यक्ष देवेंद्र कुमार जैन, स्टोन एक्सपोर्ट एसोसिएशन के सचिव अच्चल पोद्दार, जनरल इंडस्ट्रीज सप्लायर्स संघ के अध्यक्ष भगवान न्याती, सचिव महावीर प्रसाद जैन, हाडोती कोटा स्टोन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के संस्थापक अध्यक्ष राजेश गुप्ता, कोटा ट्रांसपोर्ट ऑपरेटर संघ के अध्यक्ष मनीष बंसल ,कोटा स्टोन ट्रेडर्स एसोसिएशन के सचिव हरीश प्रजापति, स्टोन माइंस कॉन्टैक्टर संगठन के अध्यक्ष विपिन सूद एवं गोविंद फतेहपुरिया, जयपाल, श्याम अग्रवाल, प्रकाश सेठिया, आनंद खंडेलवाल सहित कई व्यापारी एवं उद्यमी मौजूद थे।

सर्राफा व्यवसायी मौलिक जैन की हत्या पर शोक व्यक्त
कोटा व्यापार महासंघ के अध्यक्ष क्रांति जैन एवं महासचिव अशोक माहेश्वरी ने सर्राफा व्यवसायी मौलिक जैन की निर्मम हत्या पर गहरा दुख एवं संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि मौलिक जैन की हत्या की घटना अत्यंत दुखद एवं हृदय विदारक है। इस घटना से व्यापारिक जगत में शोक व्याप्त है।