किसान और व्यापारी दोनों की खुशहाली से ही देश में आएगी समृद्धि: मंत्री नागर

0
13

कोटा। ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने गुरुवार को कोटा की सेठ भामाशाह मंडी में कोटा ग्रेन एण्ड सीड्स मर्चेंट्स एसोसिएशन द्वारा आयोजित मुहूर्त समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में हिस्सा लिया। कार्यक्रम में लाडपुरा विधायक कल्पना देवी भी विशिष्ठ अतिथि के रुप में मौजूद रहीं।

एसोसिएशन के अध्यक्ष अविनाश राठी ने बताया कि पांच दिन के दीपोत्सव के अवकाश के बाद धनिया की नीलामी के साथ मंडी में कारोबार शुरू हुआ। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में व्यापारी, किसान और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

​समारोह को संबोधित करते हुए ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने कहा कि कोटा हमेशा से व्यापार, शिक्षा और ऊर्जा का प्रमुख केंद्र रहा है, और प्रदेश की आर्थिकी में यहाँ के व्यापारियों व अन्नदाता किसानों का अभूतपूर्व योगदान है।

उन्होंने इस वर्ष की कृषि स्थिति पर प्रकाश डालते हुए कहा कि मानसून में बारिश की कुछ कमी रहने के बावजूद, डबल इंजन की भाजपा सरकार ने किसानों के हितों को सर्वोपरि रखा। सरकार ने समय पर नहरों में सिंचाई का पानी छोड़ा, जिससे किसानों की मेहनत रंग लाई और क्षेत्र में फसल की बंपर पैदावार हुई है।

​ऊर्जा मंत्री ने अपने उद्बोधन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के नेतृत्व की सराहना की। उन्होंने कहा कि शीर्ष नेतृत्व के कुशल मार्गदर्शन में राजस्थान विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है।

ऊर्जा विभाग की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए मंत्री नागर ने विश्वास दिलाया कि राज्य सरकार किसानों को कृषि कार्यों के लिए तथा उद्योगों एवं व्यापारियों को निर्बाध और गुणवत्तापूर्ण बिजली उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। राज्य में ऊर्जा तंत्र को सुदृढ़ करने के लिए ऐतिहासिक कदम उठाए गए हैं, ताकि बिजली की कमी के कारण न तो खेती प्रभावित हो और न ही व्यापार में कोई बाधा आए।

​विधायक कल्पना देवी ने एसोसिएशन और समस्त व्यापारी बंधुओं को नए व्यापारिक सत्र के मुहूर्त की हार्दिक शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने आशा व्यक्त की कि आने वाला समय सभी व्यापारियों और किसानों के लिए भारी समृद्धि और सफलता लेकर आएगा, और सभी मिलकर एक समर्थ व विकसित राजस्थान के निर्माण में अपनी भागीदारी निभाएंगे।