कोटा। Punjabi Night At dussehra Mela: कोटा दशहरा मेला में मंगलवार की शाम विजयश्री रंगमंच पर पंजाबी नाइट शो का भव्य आयोजन किया जाएगा। जिसमें मशहूर पंजाबी गायक जस्सी गिल और बब्बल राय अपनी सुरीली आवाज़ और हिट गानों से ज़बरदस्त धमाल मचाएंगे।
महापौर अनुसूईया गोस्वामी ने बताया कि पंजाबी नाइट का मुख्य संगीतमय कार्यक्रम मंगलवार रात 8:30 बजे से प्रारंभ होगा। इससे पूर्व, शाम 7:30 बजे पंजाबी अखाड़ेबाज़ पारंपरिक सिख युद्ध कला ‘गतका’ का हैरतअंगेज़ लाइव प्रदर्शन करेंगे। जिसमें अदम्य साहस, शौर्य और अद्भुत कौशल का प्रदर्शन देखने को मिलेगा।
मंच पर प्रस्तुति देने आ रहे जसदीप सिंह गिल, जिन्हें दुनिया जस्सी गिल के नाम से जानती है, पंजाबी और हिंदी संगीत व सिनेमा के जाने-माने नाम हैं। साल 2011 में ‘बैचमेट’ एल्बम से अपने संगीत सफर की शुरुआत करने वाले जस्सी गिल को 2013 के सुपरहिट गाने ‘लांसर’ से अपार लोकप्रियता मिली।
इसके बाद ‘गिटार शिकदा’, ‘बापू जिम्मेदार’ और नेहा कक्कड़ के साथ ‘निकले करेंट’ जैसे एक से बढ़कर एक हिट गाने देने वाले जस्सी गिल ने पंजाबी फिल्म ‘मिस्टर एंड मिसेज 420’ तथा बॉलीवुड फिल्म ‘हैप्पी फिर भाग जाएगी’ के ज़रिए अभिनय क्षेत्र में भी अपनी खास पहचान बनाई है।
वहीं, ऑस्ट्रेलियन छल्ला गाने से इंटरनेट पर रातों-रात लोकप्रिय हुए सिमरनजीत सिंह राय यानी बब्बल राय भी इस शाम अपने सुरीले गीतों से दर्शकों को झूमने पर मजबूर करेंगे। ‘निक्की जेही जिंद’, ‘रंगीले’ और ‘कुड़ी तू पटाखा’ जैसे लोकप्रिय गानों के गायक बब्बल राय ने ‘सिंह बनाम कौर’, ‘दिलदारियां’ और ‘इक संधू हुंडा सी’ जैसी कई चर्चित पंजाबी फिल्मों में अपने अभिनय का हुनर भी दिखाया है।

