Fiscal deficit: सरकार का घाटा छह महीनों में बढ़कर 7.14 लाख करोड़ रुपये हुआ

0
12

नई दिल्ली। Fiscal deficit: केंद्र सरकार का घाटा बढ़ गया है। चालू वित्त वर्ष 2026-27 के पहले छह महीनों यानी अप्रैल से सितंबर के दौरान सरकार का राजकोषीय घाटा 7.14 लाख करोड़ रुपये पहुंच गया। पिछले साल इसी अवधि में यह घाटा 5.7 लाख करोड़ रुपये था। यानी एक साल में सरकार का घाटा 1.44 लाख करोड़ रुपये बढ़ गया है।

शुक्रवार, 30 अक्टूबर को जारी सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, सरकार का घाटा पूरे साल के लिए तय लक्ष्य के 42.1 फीसदी तक पहुंच गया है। पिछले साल सितंबर तक यह आंकड़ा 36.5 फीसदी था। सरकार ने वित्त वर्ष 2026-27 में राजकोषीय घाटा 16.96 लाख करोड़ रुपये रखने का लक्ष्य तय किया है। यह देश की जीडीपी का 4.3 फीसदी है।

टैक्स से सरकार ने कितनी कमाई की?
अप्रैल से सितंबर 2026 के दौरान सरकार को टैक्स से 12.76 लाख करोड़ रुपये की नेट कमाई हुई। यह पूरे साल के लिए तय लक्ष्य का 44.5 फीसदी है। पिछले साल इसी दौरान सरकार को टैक्स से 12.3 लाख करोड़ रुपये मिले थे। यानी इस बार टैक्स से सरकार की कमाई करीब 46,000 करोड़ रुपये बढ़ी है। इसके अलावा सरकार को टैक्स के अलावा दूसरे स्रोतों से भी कमाई होती है। इसे नॉन-टैक्स रेवेन्यू कहते हैं। इस मद में सरकार को 4.8 लाख करोड़ रुपये मिले, जबकि पिछले साल इसी अवधि में 4.7 लाख करोड़ रुपये मिले थे।

सरकार ने छह महीने में कितने रुपये खर्च किए?
सरकार का खर्च भी बढ़ा है। अप्रैल से सितंबर 2026 के दौरान केंद्र सरकार ने कुल 25.5 लाख करोड़ रुपये खर्च किए। पिछले साल इसी अवधि में यह खर्च 23 लाख करोड़ रुपये था। यानी इस बार सरकार ने करीब 2.5 लाख करोड़ रुपये ज्यादा खर्च किए हैं। सरकार अब तक पूरे साल के बजट का 47.7 फीसदी खर्च कर चुकी है।