कोटा। Child Talent Programme: 133वें राष्ट्रीय दशहरा मेला-2026 के अंतर्गत शुक्रवार को विजयश्री रंगमंच पर ‘बाल प्रतिभा कार्यक्रम’ का आयोजन किया गया। जिसमें 4 से 15 वर्ष तक के बच्चों ने भाग लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ गणपति बप्पा मोरया सामूहिक नृत्य से हुआ।
एक नन्हे बालक ने तारे ही भरोसे हनुमान सागर में नया डालदई…, सुनाया फिर मंच पर शहर के नन्हे-मुन्ने बच्चों एवं युवा कलाकारों ने अपनी ऊर्जावान और कलात्मक प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। एक तरफ जहां पारंपरिक कलाओं की छटा देखने को मिली।
वहीं दूसरी ओर सामाजिक संदेश और साहसिक करतबों ने दर्शकों का मन मोह लिया। महापौर अनुसुईया गोस्वामी, मेला अधिकारी ओपी मेहरा, उपायुक्त एवं सहायक मेला प्रभारी सत्यनारायण राठौर ने बच्चों को पुरस्कार और प्रमाण पत्र भी वितरित किए।
कार्यक्रम का आगाज नन्हे बच्चों द्वारा प्रस्तुत मनमोहक गणेश वंदना से हुआ। मंच पर श्रीजिता, मान्या कसेरा, आराध्या मंडल और दुविश्का कालरा ने अपनी सुंदर एवं सधी हुई प्रस्तुति से कार्यक्रम का शानदार शुभारंभ किया। जिससे पूरा परिसर सकारात्मक ऊर्जा से भर गया।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ-साथ इस मंच का उपयोग समाज सुधार और संवेदनाओं को जोड़ने के लिए भी किया गया। युवा कलाकार युवराज ने किन्नर एक्ट के साथ ‘ऐ खुदा’ गीत पर एक बेहद भावपूर्ण और संवेदनशील प्रस्तुति दी, जिसके माध्यम से उन्होंने समाज को एक सशक्त और प्रेरणादायक संदेश दिया।
इसके साथ ही, नेहा पांचाल और उनके समूह ने लोकप्रिय गीत ‘राधा ना कैसे जले’ पर एक सुंदर नृत्य प्रस्तुति देकर दर्शकों से भरपूर तालियां बटोरीं। कार्यक्रम में ‘रक्तचरित्र’ गीत पर नंदिता गोयल, परिधि राणा, निमृत टंडन, युवराज कुमार और इमरान खान ने भी एक जोशीला डांस पेश कर पूरे पंडाल में उत्साह का संचार कर दिया।
नृत्य के साथ-साथ बच्चों के साहस और शारीरिक कौशल का अद्भुत प्रदर्शन भी कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रहा। दुर्गा शक्ति व्यायामशाला के बच्चों ने ‘मन भवानी’ गीत की धुन पर विभिन्न प्रकार के जोखिम भरे और हैरतअंगेज करतब दिखाए, जिनके अदम्य साहस और अनुशासित प्रदर्शन ने उपस्थित सभी दर्शकों को आश्चर्यचकित कर दिया।
इस पूरे आयोजन का सबसे प्यारा आकर्षण मात्र 5 वर्ष के नन्हें प्रतिभागी निमित्य जैन रहे, जिन्होंने ‘डांस दर्द दे डिस्को’ गीत पर इतनी ऊर्जावान और बेबाक डांस प्रस्तुति दी कि वहां मौजूद हर दर्शक का ध्यान उनकी ओर खिंच गया और उनकी मासूमियत ने सभी का दिल जीत लिया।
भोजपुरी सुरों से सजेगा आज कोटा दशहरा का मंच
राष्ट्रीय दशहरा उत्सव 2026 के तहत् विजयश्री रंगमंच पर शनिवार को भोजपुरी धमाल होगा। जिसमें जाने-माने भोजपुरी गायक गोलू राजा और लोकप्रिय गायिका नेहा सिंह अपनी जादुई आवाज़ से दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर देंगे। महापौर अनुसूइया गोस्वामी ने बताया कि नेहा सिंह बिहार और पूर्वांचल के स्टेज शो में एक चर्चित और मांग में रहने वाली गायिका हैं। वहीं गोलू राजा भोजपुरी संगीत जगत के एक बेहद लोकप्रिय और चर्चित लोकगायक हैं। जो पारंपरिक लोकगीत, देवी गीत और भक्ति भजन की प्रस्तुतियां बहुतायत में देते हैं।

