मलखंभ में खिलाड़ियों के हैरतअंगेज प्रदर्शन, पदक के लिए कड़ा मुकाबला

0
16

शीर्ष आठ खिलाड़ियों और टीमों को मिलेगा खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स में मौका

कोटा। कोटा विश्वविद्यालय में आयोजित तीन दिवसीय अखिल भारतीय अंतर विश्वविद्यालय मलखंभ पुरुष प्रतियोगिता 2026-27 के दूसरे दिन खिलाड़ियों के बीच पदक के लिए कड़ा मुकाबला देखने को मिला। रूप मलखंभ, स्थिर मलखंभ और हैंगिंग मलखंभ की तीनों श्रेणियों में खिलाड़ियों ने शक्ति, संतुलन, लचीलेपन और अद्भुत शारीरिक नियंत्रण का प्रदर्शन कर दर्शकों को रोमांचित किया। देशभर के 66 विश्वविद्यालयों के खिलाड़ी प्रतियोगिता में हिस्सा ले रहे हैं।

खेल मंडल सचिव डॉ. विजय सिंह ने बताया कि प्रतियोगिता में मुंबई विश्वविद्यालय, सावित्रीबाई फुले विश्वविद्यालय पुणे, बैंगलोर विश्वविद्यालय और पंजाब विश्वविद्यालय चंडीगढ़ के खिलाड़ियों के बीच मुकाबले विशेष रूप से कड़े रहे। कई मुकाबलों में अंकों का अंतर बेहद कम रहा।

तमिलनाडु खेल विश्वविद्यालय, अन्नामलाई विश्वविद्यालय, लक्ष्मीबाई राष्ट्रीय शारीरिक शिक्षा संस्थान ग्वालियर और गुजरात स्वर्णिम खेल विश्वविद्यालय के खिलाड़ियों ने भी उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। दूसरे दिन तक 32 खिलाड़ी शीर्ष स्थानों की दौड़ में बने हुए हैं, जिनमें से अंतिम परिणामों के आधार पर पदक विजेताओं का निर्धारण होगा।

प्रतियोगिता में खिलाड़ियों की फिटनेस और तकनीकी दक्षता देखने को मिली। आयोजन के दौरान किसी खिलाड़ी के चोटिल होने की सूचना नहीं मिली और दूसरे दिन किसी भी मुकाबले में प्रोटेस्ट भी दर्ज नहीं किया गया। कोटा विश्वविद्यालय की ओर से प्रतियोगिता के सुव्यवस्थित संचालन के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं।

खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स में मिलेगा मौका
प्रतियोगिता में व्यक्तिगत मुकाबलों में शीर्ष आठ स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों और टीम स्पर्धा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली टीमों को खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स के लिए चयन का अवसर मिलेगा। इससे खिलाड़ियों के लिए राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का महत्वपूर्ण मंच तैयार हुआ है।

अतिथियों ने खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह
गुरुवार को विभिन्न मुकाबलों के दौरान शिक्षा मंत्री के ओएसडी सतीश गुप्ता, समाजसेवी प्रेम जे. भाटिया, डॉ. किरण सिंह, डॉ. रूपेश प्रताप सिंह, सीडीईओ अनिल पोरवाल, शिवराज सिंह, सूरज बड़गोटिया, डॉ. मूलचंद शर्मा और डॉ. सीबी शर्मा अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया।

आज होगा समापन
तीन दिवसीय प्रतियोगिता का समापन शुक्रवार को दोपहर बाद होगा। समापन समारोह में विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया जाएगा। पुरस्कार वितरण समारोह में शेखावाटी विश्वविद्यालय, सीकर के कुलगुरु प्रो. युद्धवीर सिंह और गोयल प्रोटीन के निदेशक ताराचंद गोयल सहित अन्य अतिथि शामिल होंगे।