कोटा। राष्ट्रीय मेला दशहरा 2026 के आयोजनों की कड़ी में गुरुवार को नगर निगम भवन में प्रातः 10 बजे से ‘कुकिंग प्रतियोगिता’ का आयोजन किया जाएगा। इस प्रतियोगिता के माध्यम से कोटा शहर की छिपी हुई पाक-कला प्रतिभाओं को एक बेहतरीन मंच मिलेगा। जहाँ वे अपने रचनात्मक स्वाद और पाक-कौशल का प्रदर्शन कर सकेंगे।
महापौर अनुसुईया गोस्वामी ने बताया कि यह कुकिंग प्रतियोगिता पूरी तरह से ‘फायरलैस’ होगी। सुरक्षा और नवाचार को ध्यान में रखते हुए प्रतियोगिता स्थल पर किसी भी प्रकार से चूल्हा, इंडक्शन या गैस जलाकर व्यंजन पकाने की सख्त मनाही रहेगी।
प्रतिभागियों को अपनी रचनात्मकता और स्वाद का हुनर दिखाने के लिए केवल 30 मिनट का समय दिया जाएगा। इस निर्धारित समय सीमा में प्रत्येक प्रतिभागी को केवल एक डिश तैयार करनी होगी। इसके अतिरिक्त, व्यंजन बनाने में प्रयुक्त होने वाली सभी आवश्यक सामग्री प्रतियोगियों को स्वयं अपने साथ लानी होगी।
मेले के अन्य आकर्षण
मेला अधिकारी एवं आयुक्त ओमप्रकाश मेहरा ने बताया कि मेले के दौरान शहरवासियों के उत्साह को दोगुना करने के लिए विभिन्न पारंपरिक, सांस्कृतिक एवं रोमांचक प्रतियोगिताओं की विस्तृत श्रृंखला आयोजित की जाएगी।
- 24 अक्टूबर: मल्लखंभ प्रतियोगिता
- 26 अक्टूबर: हत्ता माला प्रतियोगिता
- 27 अक्टूबर: रंगोली, मांडना एवं मेहंदी प्रतियोगिता (दिन में) तथा साफा बांधो प्रतियोगिता (रात्रि में)
- 28 अक्टूबर: बेस्ट ब्राइडल मेकअप प्रतियोगिता
- 30 अक्टूबर एवं 2 नवंबर: बाल प्रतिभा कार्यक्रम
- 1 नवंबर: दाढ़ी-मूंछ प्रतियोगिता
किसान रंगमंच पर सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का शुभारंभ आज
कोटा मेला दशहरा में गुरुवार से सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आगाज़ होने जा रहा है। मेले के प्रमुख आकर्षण केंद्र ‘किसान रंगमंच’ पर विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां विधिवत शुरू होंगी। महापौर ने बताया कि राजस्थान और देश की समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर को दर्शाती लोक कला एवं नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियां आयोजित की जाएंगी। इसके साथ ही बाल व युवा प्रतिभाओं को प्रोत्साहन देने के उद्देश्य से जूनियर कलाकारों की विशेष प्रस्तुतियों का भी आयोजन रखा गया है।

