नई दिल्ली। Tax Collection: चालू वित्त वर्ष में सरकार का शुद्ध प्रत्यक्ष कर संग्रह 13 फीसदी बढ़कर 12.12 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा हो गया। शुक्रवार को जारी ताजा आंकड़ों के मुताबिक, टैक्स कलेक्शन में बढ़ोतरी की बड़ी वजह एडवांस टैक्स से ज्यादा कमाई रही।
कॉरपोरेट कर संग्रह 19.48 फीसदी बढ़कर करीब 5.56 लाख करोड़ रुपये हो गया। वहीं नॉन-कॉरपोरेट टैक्स यानी व्यक्तिगत करदाताओं और हिंदू अविभाजित परिवारों (एचयूएफ) से मिलने वाला टैक्स 6 फीसदी बढ़कर 6.16 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा रहा।
1 अप्रैल से 17 सितंबर के बीच सिक्योरिटीज ट्रांजैक्शन टैक्स यानी एसटीटी से सरकार का कलेक्शन 53 फीसदी बढ़कर 40,214 करोड़ रुपये हो गया। केंद्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड यानी सीबीडीटी के आंकड़ों के मुताबिक 17 सितंबर तक सरकार की ओर से जारी टैक्स रिफंड की रकम भी 29.19 फीसदी बढ़कर 2.20 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा हो गई।
सकल प्रत्यक्ष कर संग्रह
रिफंड को घटाने से पहले सकल प्रत्यक्ष कर संग्रह में 15 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की गई। यह बढ़कर 14.32 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा हो गया। 17 सितंबर तक एडवांस कर संग्रह 16.18 फीसदी बढ़कर करीब 5.22 लाख करोड़ रुपये हो गया। इसमें कॉरपोरेट एडवांस टैक्स से मिलने वाली रकम 18 फीसदी बढ़कर 4.16 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा रही। वहीं नॉन-कॉरपोरेट एडवांस टैक्स कलेक्शन 9.24 फीसदी बढ़कर 1.06 लाख करोड़ रुपये हो गया।

