नई दिल्ली। GDP Growth Rate: क्रेडिट रेटिंग एजेंसी मूडीज ने शुक्रवार को चालू वित्त वर्ष के लिए भारत की वास्तविक GDP ग्रोथ का अनुमान 6% से बढ़ाकर 7% कर दिया। एजेंसी ने पश्चिम एशिया में चल रहे संघर्ष के बीच भारत की मजबूती का हवाला देते हुए यह फैसला लिया।
एजेंसी ने कहा, “हालांकि हमें उम्मीद है कि भारत की विकास दर G-20 की अन्य सभी अर्थव्यवस्थाओं और समान रेटिंग वाले उभरते बाजारों की तुलना में तेज बनी रहेगी, फिर भी जोखिम बने हुए हैं।” एजेंसी ने कहा कि ऊर्जा की ऊंची कीमतें और अल-नीनो के कारण खाद्य पदार्थों की कीमतों पर दबाव महंगाई, खपत और विकास दर के लिए जोखिम पैदा करते हैं।
मूडीज ने कहा कि पश्चिम एशिया में आए झटके के जवाब में भारत की राजकोषीय नीति का रुख सीमित रहा है, लेकिन उसने चेतावनी दी कि वैश्विक स्तर पर ऊर्जा की ऊंची कीमतों से सब्सिडी पर खर्च बढ़ सकता है और सरकार पर अतिरिक्त मदद देने का दबाव पड़ सकता है, जबकि रक्षा और बुनियादी ढांचे पर बढ़ता खर्च राजकोषीय मजबूती की राह में बाधा बन सकता है।
पिछले महीने आए सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, अप्रैल-जून तिमाही में भारत की अर्थव्यवस्था 7.8% बढ़ी। यह उम्मीद से कहीं बेहतर प्रदर्शन था, क्योंकि निवेश और मैन्युफैक्चरिंग गतिविधियों में तेजी ने माइनिंग और कंज्यूमर-फेसिंग सर्विसेज में आई सुस्ती की भरपाई कर दी।

