सीबीएसई ने CTET की नई तिथि घोषित की, अब 12 और 13 दिसंबर को होगी

0
6

नई दिल्ली। CTET date : सीबीएसई ने सीटीईटी सितंबर 2026 परीक्षा की नई तिथि का ऐलान कर दिया है। अब यह परीक्षा 12 दिसंबर और 13 दिसंबर को आयोजित होगी। हर उम्मीदवार को दिए गए एग्जामिनेशन सिटी और एग्जाम की तारीख की जानकारी एग्जाम से 15 दिन पहले CTET पोर्टल https://ctet.nic.in/ पर उपलब्ध करा दी जाएगी।

एग्जामिनेशन सेंटर की डिटेल्स वाला एडमिट कार्ड एग्जाम से दो दिन पहले CTET पोर्टल से डाउनलोड के लिए उपलब्ध करा दिया जाएगा। यानी अंदाजा लगाया जा सकता है कि एग्जाम सिटी 27 या 28 नवंबर को जारी हो जाएगी वहीं एडमिट कार्ड 10 दिसंबर को जारी होंगे।

इससे पहले सीटीईटी 6 सितंबर को आयोजित होने वाली थी लेकिन इसे टाल दिया गया था। परीक्षा आयोजित करने का जिम्मा संभाल रहे सीबीएसई बोर्ड ने सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के बाद केंद्रीय शिक्षक पात्रता परीक्षा (सीटीईटी) सितंबर 2026 के आवेदन की विंडो एक बार फिर से खोली थी।

सुप्रीम कोर्ट ने कहा था कि पात्र शिक्षकों को निर्धारित TET की योग्यता हासिल करने के लिए उचित और पर्याप्त अवसर दिया जाना चाहिए। इसी के मद्देनजर जो पात्र उम्मीदवार पहले CTET के लिए आवेदन नहीं कर सके थे, उन्हें एक और मौका दिया गया था।

टीचरों को नौकरी में बने रहने या प्रमोशन पाने के लिए शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) को अनिवार्य करने संबंधी सुप्रीम कोर्ट के फैसले से देश भर के हजारों प्राइमरी शिक्षकों की नौकरी पर तलवार लटकी हुई है। यूपी, झारखंड, एमपी व राजस्थान समेत देश के विभिन्न राज्यों में ऐसे लाखों शिक्षक हैं जो बगैर टीईटी पास किए वर्षों से स्कूलों में पढ़ा रहे हैं।

अब इन टीचरों को 31 अगस्त 2028 में टीईटी पास करना ही होगा वरना या तो इन्हें इस्तीफा देना होगा या फिर इन्हें जबरन रिटायर कर दिया जाएगा। इस कड़े फैसले से सिर्फ उन्हें छूट मिलेगी जिनकी नौकरी 5 साल की बची है। लेकिन इन्हें भी अगर प्रमोशन चाहिए तो टीईटी पास करना ही पड़ेगा।

सेवारत शिक्षकों के लिए टीईटी अनिवार्य किए जाने के फैसले के खिलाफ यूपी समेत कई राज्य पुनर्विचार याचिका दायर कर चुके हैं। यूपी में 1.86 लाख शिक्षकों के सामने नौकरी का संकट है। हजारों शिक्षकों के पास तो टीईटी में बैठने की पात्रता ही नहीं है क्योंकि वे ग्रेजुएट ही नहीं हैं।

कितने होने चाहिए न्यूनतम मार्क्स
सीटीईटी परीक्षा को पास करने के लिए किसी भी अभ्यर्थी को न्‍यूनतम योग्यता अंक हासिल करना आवश्यक है। CTET मिनिमम पासिंग मार्क्स – जनरल कैटेगरी के लिए 150 में कम से कम 90 अंक (60 प्रतिशत ) आने चाहिए, जबकि एससी, एसटी के लिए 150 में से 82 अंक (55 फीसदी ) आने चाहिए।