कोटा मंडल से गुजरने वाली अजमेर–दौंड एक्सप्रेस अब एलएचबी कोचों से चलेगी

0
10

कोचों की संख्या 18 से बढ़कर 19 होगी, यात्रियों के लिए एक सामान्य श्रेणी कोच भी बढ़ेगा

कोटा। कोटा मंडल से गुजरने वाली गाड़ी संख्या 20991/20992 अजमेर–दौंड–अजमेर एक्सप्रेस के यात्रियों को बेहतर यात्रा सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से इसके पारंपरिक आईसीएफ रेक को आधुनिक एलएचबी कोचों में परिवर्तित किया जा रहा है।

रेक परिवर्तन के साथ ट्रेन की कोच संरचना में भी बदलाव किया गया है। अब यह ट्रेन 18 के स्थान पर 19 कोच के साथ संचालित होगी तथा इसमें एक सामान्य श्रेणी कोच की वृद्धि की गई है।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ जैन ने बताया कि नई एलएचबी संरचना में ट्रेन में एक वातानुकूलित द्वितीय श्रेणी, छह वातानुकूलित तृतीय श्रेणी, पांच शयनयान श्रेणी, पांच सामान्य श्रेणी कोच सहित कुल 19 कोच रहेंगे।

नई एलएचबी कोच संरचना गाड़ी संख्या 20991 अजमेर–दौंड एक्सप्रेस में 17 सितम्बर 2026 से अजमेर से तथा गाड़ी संख्या 20992 दौंड–अजमेर एक्सप्रेस में 18 सितम्बर 2026 से दौंड से प्रभावी होगी।

एलएचबी रेक में परिवर्तन से यात्रियों को आधुनिक कोचों के साथ बेहतर यात्रा अनुभव मिलेगा, वहीं सामान्य श्रेणी का एक अतिरिक्त कोच जुड़ने से इस श्रेणी के यात्रियों के लिए उपलब्ध स्थान में भी वृद्धि होगी।

59 बेटिकट यात्रियों से 34280 रुपये जुर्माना वसूला
कोटा मंडल के गंगापुर सिटी रेलवे स्टेशन पर 13 सितम्बर को किलाबंदी टिकट जांच अभियान चलाया गया। अभियान में बिना टिकट यात्रा के 49 मामलों में ₹31,090, अनियमित टिकट के 2 मामलों में ₹1,600 तथा बिना बुक सामान के 8 मामलों में ₹1,590 का जुर्माना लगाया गया। इस प्रकार कुल 59 मामलों में ₹34,280 का जुर्माना लगाया गया।