नई दिल्ली। Ethanol Blended Petrol: बीते काफी समय से देश में E20 पेट्रोल काफी चर्चा में बना हुआ है। इसमें 20% इथेनॉल मिक्स होता है। लोगों का कहना है कि इसमें इथेनॉल मिले होने की वजह से उनकी गाड़ियों के इंजन में खराबी आ रही है और कार की परफॉर्मेंस पर असर पड़ रहा है।
जूनो जनरल इंश्योरेंस (Zuno General Insurance) ने कार मालिकों के लिए एक नया मोटर इंश्योरेंस ऐड-ऑन कवर (Add-on Cover) लॉन्च किया है, जिसका नाम फ्यूल गार्ड (Fuel Guard) रखा गया है। यह ऐड-ऑन कवर इथेनॉल-ब्लेंडेड पेट्रोल (जैसे E20 ईंधन) के इस्तेमाल से गाड़ी के इंजन या फ्यूल सिस्टम में होने वाले किसी भी नुकसान की भरपाई करेगा। आइए आपको इस नए इंश्योरेंस कवर के बारे में डिटेल में बताते हैं।
किस नुकसान की मिलेगी भरपाई?
इथेनॉल मिक्स पेट्रोल से गाड़ी के इंजन या फ्यूल-डिलीवरी सिस्टम के अंदरूनी पार्ट्स को नुकसान पहुंचने का डर रहता है। फ्यूल गार्ड कवर ऐसे ही मैकेनिकल नुकसान को कवर करेगा। इसके तहत इथेनॉल-मिश्रित पेट्रोल के इस्तेमाल से इंजन के पुर्जों और फ्यूल-डिलीवरी सिस्टम को होने वाले नुकसान के मरम्मत का खर्च बीमा कंपनी उठाएगी। ऐसे में ग्राहक को परेशान होने की जरूरत नहीं रहेगी।
किन गाड़ियों के लिए है उपलब्ध?
यह कवर उन प्राइवेट कारों के लिए उपलब्ध है जो 1 अप्रैल 2023 या उसके बाद रजिस्टर्ड हुई हैं। उससे पुरानी गाड़ियों के लिए यह एड-ऑन कवर उपलब्ध नहीं है। इसके अलावा गाड़ी बनाने वाली कंपनी द्वारा उस इथेनॉल-मिश्रित ईंधन के इस्तेमाल को आधिकारिक तौर पर मंजूरी मिली होनी चाहिए।
नियम और शर्तें
इस ऐड-ऑन कवर के तहत गाड़ी के इंजन को हुए नुकसान के लिए इंश्योरेंस क्लेम पाने करने के लिए कुछ नियम और शर्तें भी हैं। इनको पूरा करना बहुत जरूरी है। जैसे की गाड़ी का मेंटेनेंस कंपनी की तय गाइडलाइन्स के हिसाब से ही होना चाहिए। कार मालिक को कंपनी द्वारा तय समय पर गाड़ी की सर्विस करानी होगी। इसके साथ ही इंजन या फ्यूल सिस्टम में ग्राहक द्वारा कोई भी अनऑथोराइज्ड मोडिफिकेशन नहीं किया गया होना चाहिए।
कंपनी का क्या कहना है?
जूनो जनरल इंश्योरेंस की एमडी और सीईओ शनाई घोष ने कहा कि जैसे-जैसे ऑटोमोबाइल इंडस्ट्री बदल रही है, वैसे-वैसे बीमा सुरक्षा को भी आधुनिक होना पड़ेगा। फ्यूल गार्ड का मकसद कार मालिकों को बिना किसी चिंता के नए ईंधन का इस्तेमाल करने का भरोसा देना है। अगर आपकी कार हाल के सालों में खरीदी गई है और आप इथेनॉल-ब्लेंडेड पेट्रोल का इस्तेमाल करते हैं, तो यह ऐड-ऑन कवर आपके इंजन को भारी नुकसान और महंगे खर्चे से बचा सकता है।

