iPhone 18 Pro, iPhone 18 Pro Max स्मार्टफोन भारत में लॉन्च, जानिए कीमत

0
32

नई दिल्ली। ऐपल ने अपने Surprise and Shine इवेंट में आखिरकार नई फ्लैगशिप सीरीज iPhone 18 Pro और iPhone 18 Pro Max को ऑफिशियली लॉन्च कर दिया है।

पिछले साल आए iPhone 17 Pro मॉडल्स के मुकाबले इस बार कंपनी ने हार्डवेयर और परफॉर्मेंस में कई बड़े अपग्रेड्स किए हैं। इन नए स्मार्टफोन्स में ऐपल का सबसे एडवांस्ड 2nm जनरेशन वाला A20 Pro चिपसेट, नया इन-हाउस C2 मॉडेम और एक साथ 3 एक्टिविटीज दिखाने वाला नया डायनामिक आइलैंड दिया गया है।

कीमत और उपलब्धता: कीमत की बात करें तो भारत में iPhone 18 Pro की शुरुआती कीमत 1,64,900 रुपये और iPhone 18 Pro Max की शुरुआती कीमत 1,79,900 तय की गई है। 256GB के अलावा ये दोनों फोन 512GB, 1TB और 2TB स्टोरेज ऑप्शन्स में भी मिलेंगे। iPhone 18 Pro का 512 GB वाले वेरिएंट की कीमत 1,89,900 रुपये है। वहीं 1TB वाले वेरिएंट की कीमत 2,39,900 रुपये और 2TB वाले वेरिएंट की कीमत 3,14,900 रुपये है।

ऐपल ने इन्हें ब्लैक, सिल्वर, ग्लेशियर और एक नए बरगंडी कलर में उतारा है। इन नए डिवाइसेज के लिए प्री-ऑर्डर 12 सितंबर से शुरू हो जाएंगे, जबकि इनकी बिक्री 18 सितंबर से शुरू होगी।

स्पेसिफिकेशन: स्पेसिफिकेशन्स पर नजर डालें तो दोनों ही मॉडल लेटेस्ट iOS 27 पर काम करते हैं। iPhone 18 Pro में 6.3 इंच की स्क्रीन दी गई है, जबकि Pro Max मॉडल में 6.9 इंच का बड़ा डिस्प्ले मिलता है।

स्पीड और परफॉर्मेंस के लिए इनमें ऐपल की नई 2nm टेक्नोलॉजी वाली A20 Pro चिप लगाई गई है, जिसमें 6-कोर सीपीयू और 7-कोर जीपीयू दिया गया है। नेटवर्क और कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने के लिए इसमें कंपनी का खुद का नया C2 मॉडेम शामिल है।

थर्मल मैनेजमेंट के लिए कंपनी ने इस बार नया वेपर चैंबर कूलिंग सिस्टम जोड़ा है, ताकि फोन भारी इस्तेमाल में भी ठंडा रहे। इसके अलावा स्क्रीन पर मिलने वाले डायनामिक आइलैंड को भी अपग्रेड किया गया है, जो अब एक साथ तीन लाइव एक्टिविटीज दिखा सकता है।

कैमरा सेटअप: फोटोग्राफी के लिए दोनों फोन्स में ट्रिपल रियर कैमरा सेटअप मिलता है। इसमें वेरिएबल अपर्चर वाला 48-मेगापिक्सल फ्यूजन प्राइमरी सेंसर, 48-मेगापिक्सल का अल्ट्रा-वाइड लेंस और 48-मेगापिक्सल का ही 2x टेलीफोटो लेंस मौजूद है।

वहीं सेल्फी और वीडियो कॉलिंग के लिए फ्रंट पैनल पर ऑटोफोकस सपोर्ट के साथ 18-मेगापिक्सल का कैमरा दिया गया है। बैटरी बैकअप के मामले में iPhone 18 Pro सामान्य इस्तेमाल में सिंगल चार्ज पर 24 घंटे और Pro Max मॉडल 30 घंटे तक चलने का दावा करता है। वहीं वीडियो प्लेबैक की बात करें तो Pro मॉडल में 36 घंटे तक और Pro Max मॉडल में 45 घंटे तक का नॉन-स्टॉप बैकअप मिलता है।