सांगोद। स्थानीय नगर पालिका चुनाव की सरगर्मियों के बीच क्षेत्र के राजनीतिक समीकरणों में बड़ा उलटफेर देखने को मिला है। कांग्रेस पार्टी को एक बड़ा झटका देते हुए पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष शिवराम मेहता एवं कांग्रेस की महिला इकाई की ब्लॉक अध्यक्ष दृष्टि सुमन ने भारतीय जनता पार्टी का दामन थाम लिया है।
वार्ड 1 और 2 के नगर पालिका चुनाव कार्यालय लक्ष्मीपुरा के शुभारंभ समारोह के दौरान मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित राजस्थान सरकार के ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने शिवराम मेहता को भाजपा का दुपट्टा पहनाकर पार्टी की प्राथमिक सदस्यता दिलाई और उनका भाजपा परिवार में गर्मजोशी के साथ स्वागत किया।
चुनाव कार्यालय के उद्घाटन और सदस्यता ग्रहण समारोह को संबोधित करते हुए ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की जन कल्याणकारी नीतियों, पारदर्शिता और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश तथा राज्य में हो रहे ऐतिहासिक विकास कार्यों से प्रभावित होकर लोग निरंतर भाजपा से जुड़ रहे हैं। शिवराम मेहता के भाजपा में शामिल होने से क्षेत्रीय स्तर पर पार्टी का संगठन और अधिक मजबूत होगा।
मंत्री नागर ने विश्वास व्यक्त किया कि भाजपा कार्यकर्ताओं की मेहनत और जनता के अपार समर्थन के बल पर पार्टी इन नगर पालिका चुनावों में प्रचंड बहुमत से जीत दर्ज करेगी। उन्होंने उपस्थित कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे केंद्र और राज्य सरकार की फ्लैगशिप योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाएं।
भाजपा में शामिल होने के बाद शिवराम मेहता ने अपने संबोधन में कहा कि कांग्रेस पार्टी में अब निष्ठावान और धरातल पर काम करने वाले कार्यकर्ताओं के लिए कोई स्थान नहीं बचा है। वहां केवल गुटबाजी और उपेक्षा का माहौल व्याप्त है।
उन्होंने कहा कि देश और प्रदेश में केवल भाजपा ही एक ऐसी पार्टी है जो राष्ट्रवादी सोच और ‘सबका साथ, सबका विकास’ के मूल मंत्र के साथ हर वर्ग का सर्वांगीण विकास कर रही है।
कार्यक्रम में चुनाव प्रभारी व विधायक ललित मीणा, उप प्रधान ओम नागर अडूसा, मण्डल अध्यक्ष कृष्णमुरारी मेहता, प्रत्याशी चेतन मेहता, दीपक मेहता सहित कई अन्य स्थानीय जनप्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं आमजन उपस्थित रहे।
कांग्रेस महिला ब्लॉक अध्यक्ष दृष्टि सुमन भाजपा में शामिल

कांग्रेस की महिला इकाई की ब्लॉक अध्यक्ष दृष्टि सुमन ने भारतीय जनता पार्टी का दामन थाम लिया है। सांगोद क्षेत्र में कांग्रेस को लगे इस झटके के बाद स्थानीय राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज हो गई है। ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने अपने निजी आवास पर आयोजित एक संक्षिप्त कार्यक्रम में दृष्टि सुमन को भाजपा का दुपट्टा पहनाकर पार्टी की औपचारिक सदस्यता ग्रहण कराई। इस अवसर पर दृष्टि सुमन ने कहा कि वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों और प्रदेश सरकार के विकास कार्यों से प्रभावित होकर भाजपा से जुड़ी हैं। जबकि मंत्री नागर ने उनके आने से सांगोद क्षेत्र में पार्टी के महिला मोर्चा को और अधिक मजबूती मिलने का विश्वास जताया।

