स्नेह मिलन कार्यक्रम में लोक सभा अध्यक्ष बिरला ने किया नवनिर्वाचित पार्षदों से संवाद
कोटा। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने नगर निगम कोटा के नवनिर्वाचित पार्षदों से जन समस्याओं के समाधान को सर्वोच्च प्राथमिकता देने और सफाई को लेकर विशेष ध्यान देने का आह्वान किया। पार्षदों के स्नेह मिलन एवं संवाद कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि जनता ने वार्ड के विकास और अपनी समस्याओं के समाधान के लिए जनप्रतिनिधियों पर विश्वास जताया है।
इस विश्वास पर खरा उतरना प्रत्येक पार्षद की पहली जिम्मेदारी है। बिरला ने कहा कि पार्षद जनता और प्रशासन के बीच महत्वपूर्ण कड़ी हैं। चुनाव के बाद उनकी जिम्मेदारी पूरे वार्ड के प्रति है। किसी ने वोट दिया हो या नहीं, प्रत्येक नागरिक के लिए समान भाव से कार्य करना चाहिए। जनप्रतिनिधियों का व्यवहार सहज, संवेदनशील और सहयोगपूर्ण हो, ताकि उनके पास आने वाला व्यक्ति विश्वास के साथ अपनी बात रख सके।
लोकसभा अध्यक्ष ने बताया कि नगर निगम के अधिकारियों और महापौर को प्रत्येक वार्ड में समिति गठित करने के लिए कहा गया है। इन समितियों में स्थानीय नागरिकों, वरिष्ठजनों, महिलाओं, युवाओं और सामाजिक संगठनों के सुझाव लेकर विकास की प्राथमिकताएं तय की जाएं।
उन्होंने पार्षदों से सड़क, नाली, पेयजल, स्ट्रीट लाइट, पार्क और सफाई जैसी आवश्यकताओं की सूची बनाकर तत्काल एवं दीर्घकालीन कार्यों की स्पष्ट योजना तैयार करने को कहा। बिरला ने बताया कि पार्षदों के बैठने के लिए सेक्टर कार्यालयों में व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं।
साथ ही उन्होंने कहा कि समस्याओं को केवल कार्यालय में बैठकर समझने के बजाय मौके पर जाकर देखें। नागरिकों की शिकायतों का व्यवस्थित रिकॉर्ड रखें और संबंधित अधिकारियों से समन्वय कर कार्रवाई की प्रगति से शिकायतकर्ता को भी अवगत कराएं।
हर वार्ड से होगी स्वच्छ कोटा की शुरुआत
बिरला ने कहा कि कोटा को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाने की शुरुआत हर वार्ड से होगी। सार्वजनिक स्थानों की स्वच्छता की नियमित निगरानी करें। जहां बार-बार कचरा जमा होता है, वहां स्थायी समाधान के प्रयास किए जाएं। बिरला ने कहा कि प्रत्येक पार्षद अगले एक वर्ष के लिए स्पष्ट लक्ष्य तय करे, ताकि मूलभूत सुविधाओं और जनसमस्याओं के समाधान में नागरिकों को प्रत्यक्ष बदलाव महसूस हो। बिरला ने दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए बिरला ने पार्षदों से अपने वार्ड के नागरिकों के बीच जाकर रामा-श्यामी करने, शुभकामनाएं देने और बड़े-बुजुर्गों का आशीर्वाद लेने को कहा। इस दौरान विधायक संदीप शर्मा, विधायक कल्पना देवी, शहर जिलाध्यक्ष राकेश जैन, महापौर अनुसुईया गोस्वामी, उपमहापौर विवेक राजवंशी सहित पार्षद मौजूद रहे।

