नगर निगम चुनाव: भाजपा प्रत्याशी क्रांति जैन को व्यापार महासंघ का पूर्ण समर्थन

0
15

कोटा। कोटा व्यापार महासंघ ने वार्ड नंबर 75 से पार्षद पद के प्रत्याशी क्रांति जैन को अपना पूर्ण समर्थन देने की घोषणा की है। विगत 25 वर्षों से अधिक समय से व्यापार महासंघ तथा कोटा केमिस्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष के रूप में व्यापारियों और आमजन की सेवा कर रहे क्रांति जैन शुरू से ही भारतीय जनता पार्टी की विचारधारा से निष्ठापूर्वक जुड़े रहे हैं।

व्यापार संगठन में उनके लंबे अनुभव, कुशल नेतृत्व और जमीनी जुड़ाव को देखते हुए इस बार पूरे व्यापारिक समुदाय में उनके चुनाव लड़ने को लेकर अत्यंत उत्साह और खुशी का माहौल देखा जा रहा है।

क्रांति जैन के समर्थन में आगे आते हुए व्यापार महासंघ के महासचिव अशोक माहेश्वरी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि पूरा व्यापार महासंघ मजबूती और एकजुटता के साथ क्रांति जैन के पीछे खड़ा है। उन्होंने कहा कि क्रांति जैन हर छोटे-बड़े व्यापारी और आम नागरिक के सुख-दुख के सच्चे साथी रहे हैं।

किसी भी व्यापारी पर आई विपत्ति या समस्या में वे आधी रात को भी मदद के लिए तत्पर रहे हैं। शहर के व्यापारिक हितों की रक्षा करने से लेकर आम जनमानस की समस्याओं के समाधान तक, उन्होंने सदैव आगे बढ़कर नेतृत्व किया है और बिना किसी भेदभाव के सभी की आवाज बुलंद की है।

व्यापार महासंघ का मानना है कि वार्ड 75 से क्रांति जैन की उम्मीदवारी से न केवल क्षेत्र के विकास को नई रफ्तार मिलेगी, बल्कि नगर निगम में व्यापारियों और आम जनता की आवाज और अधिक सशक्त होगी।

सालों से भाजपा के समर्पित कार्यकर्ता के रूप में कार्य करने का उनका अनुभव वार्ड के सुनियोजित विकास, बेहतर बुनियादी सुविधाओं और जन-कल्याणकारी योजनाओं को धरातल पर उतारने में बेहद मददगार साबित होगा।

व्यापार मंडल के सभी पदाधिकारियों और सदस्यों ने संकल्प लिया है कि वे घर-घर जाकर क्रांति जैन की जनसेवा और समर्पण का संदेश पहुंचाएंगे और उन्हें भारी बहुमत से विजयी बनाएंगे।