खड़े गणेशजी पर चतुर्थी मेले का शुभारंभ ​13 सितंबर से, ओम गुंजल बने मेला संयोजक

0
3

कोटा। शहर के प्रसिद्ध श्री खड़े गणेश जी मंदिर परिसर में रविवार को गणेश चतुर्थी मेला आयोजन समिति की बैठक ओम सिंह महाराज की अध्यक्षता में संपन्न हुई। जिसमें आगामी गणेश चतुर्थी मेले को भव्य, सुव्यवस्थित और दर्शनीय बनाने की कार्ययोजना पर विस्तार से मंथन किया गया।

​बैठक के दौरान आयोजन समिति द्वारा सर्वसम्मति से निवर्तमान पार्षद ओम गुंजल को मेला संयोजक मनोनीत किया गया। समिति ने मेले की समस्त व्यवस्थाओं और आयोजनों की मुख्य जिम्मेदारी ओम गुंजल को सौंपी। जिस पर उपस्थित सभी सदस्यों ने सहर्ष अपनी सहमति जताते हुए प्रस्ताव पर हस्ताक्षर किए। सभी सदस्यों ने नए मेला संयोजक का स्वागत करते हुए मेले को ऐतिहासिक बनाने का संकल्प लिया।

आयोजन समिति की बैठक में नरेंद्र मीणा, जगदीश यादव, रमेश शर्मा, हेमंत शर्मा, दीनदयाल शर्मा, अजय गुप्ता, जगदीश शर्मा, द्वारका प्रसाद विजय, नवीन दिवाकर, सुरेन्द्र सिंह सहित श्री खड़े गणेश जी उत्सव आयोजन समिति के समस्त पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।

​नवनिर्वाचित मेला संयोजक ने मेले की रूपरेखा और तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने बताया कि इस वर्ष गणेश चतुर्थी मेले का औपचारिक उद्घाटन 13 सितंबर को किया जाएगा। इसके पश्चात 14 सितंबर को मंदिर प्रांगण में भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा, जिसमें स्थानीय व बाहर से आने वाले कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे।

मेले को अधिक आकर्षक और सुव्यवस्थित बनाने के लिए शहर के प्रबुद्धजनों और गणमान्य नागरिकों से सुझाव लेकर अंतिम कार्ययोजना तैयार की जा रही है। ​बैठक में मेले के दौरान उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा, पेयजल, सफाई, प्रकाश व्यवस्था और यातायात नियंत्रण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर गहन विचार-विमर्श हुआ।

समिति के सदस्यों ने श्रद्धालुओं की सुगम दर्शन व्यवस्था और बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए कईं उपयोगी सुझाव दिए। आयोजन समिति ने प्रतिबद्धता जताई कि सभी के सामूहिक प्रयासों और जनसहयोग से इस वर्ष के गणेश चतुर्थी मेले को अत्यंत भव्य, सुरक्षित और स्मरणीय बनाया जाएगा।