हुसैन खान, रणविजय सिंह व अशोक माहेश्वरी करेंगे राजस्थान-हाड़ौती पर्यटन का प्रतिनिधित्व
कोटा। हाड़ौती के पर्यटन को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने की दिशा में एक और बड़ी उपलब्धि सामने आई है। पुणे में 11 सितंबर को भाई टूरिज्म क्लब द्वारा आयोजित ‘द रॉयल कारवां 2026’ राजस्थान पर्यटन रोड शो में होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान के अध्यक्ष हुसैन खान, सचिव रणविजय सिंह तथा होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान कोटा डिवीजन के अध्यक्ष अशोक माहेश्वरी को विशेष अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया है।
कार्यक्रम में पर्यटन क्षेत्र की इन तीनों प्रमुख हस्तियों को Guest of Honour के रूप में सम्मानित किया जाएगा। होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान कोटा डिवीजन के अध्यक्ष अशोक माहेश्वरी ने कहा कि पुणे में आयोजित होने वाला यह रोड शो हाड़ौती के पर्यटन स्थलों के प्रचार-प्रसार, प्रमोशन और मार्केटिंग के लिए एक बड़ा अवसर है।
देशभर से आने वाले टूर ऑपरेटर्स और पर्यटन उद्योग से जुड़े प्रतिनिधियों के समक्ष हाड़ौती के प्रमुख पर्यटन स्थल, होटल उद्योग, आधुनिक पर्यटन सुविधाएं तथा संभावित टूर पैकेज प्रस्तुत किए जाएंगे।
माहेश्वरी ने कहा कि हाड़ौती को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पर्यटन बाजार से जोड़ने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। कोटा-हाड़ौती ट्रैवल मार्ट के दौरान पुणे में रोड शो के माध्यम से हाड़ौती के पर्यटन को नई पहचान दिलाने की महत्वपूर्ण पहल की गई थी।
पुणे में आयोजित अंतरराष्ट्रीय ट्रेवल मार्ट में 15 देशों के प्रतिनिधियों और देश के 26 राज्यों के टूर ऑपरेटर्स ने भाग लिया था, जहां हाड़ौती के पर्यटन स्थलों का व्यापक प्रचार-प्रसार किया गया।

