नई दिल्ली। Stock Market Outlook: भारतीय शेयर बाजार के लिए आने वाला हफ्ता काफी अहम रहने वाला है। बाजार की चाल पर घरेलू GDP के आंकड़ों, कच्चे तेल की कीमतों और अमेरिका के रोजगार से जुड़े आंकड़ों का असर देखने को मिल सकता है। इसके अलावा अगस्त के ऑटो बिक्री के आंकड़े, विदेशी निवेशकों की खरीद-बिक्री और दूसरे अहम आर्थिक आंकड़े भी बाजार की दिशा तय करने में भूमिका निभाएंगे।
भारत की पहली तिमाही यानी Q1 FY27 की GDP के आंकड़े 31 अगस्त को जारी होंगे। इन आंकड़ों से देश की आर्थिक रफ्तार को लेकर तस्वीर और साफ हो सकती है। खासकर ऐसे समय में जब ऊर्जा की कीमतें ऊंची बनी हुई हैं और मिडिल ईस्ट में जारी तनाव के कारण ग्लोबल सप्लाई पर असर पड़ा है।
घरेलू आंकड़ों के बाद अमेरिका की रोजगार रिपोर्ट पर बाजार की सबसे ज्यादा नजर रहेगी। अगस्त का नॉन-फार्म पेरोल्स डेटा 4 सितंबर को जारी किया जाएगा। इस रिपोर्ट से यह अंदाजा लगाने में मदद मिलेगी कि सितंबर में अमेरिकी फेडरल रिजर्व की पॉलिसी को लेकर बाजार की उम्मीदें किस तरफ जाती हैं।
रेलिगेयर ब्रोकिंग के SVP (रिसर्च) अजित मिश्रा के मुताबिक, अमेरिकी रोजगार के ये आंकड़े डॉलर, ट्रेजरी यील्ड और उभरते बाजारों में विदेशी निवेश की चाल पर असर डाल सकते हैं। इसके साथ ही निवेशक भारत के अगस्त मैन्युफैक्चरिंग और सर्विसेज PMI, GST कलेक्शन, विदेशी मुद्रा भंडार और रुपये की चाल पर भी नजर रखेंगे।
एनरिच मनी के CEO पोनमुडी आर ने कहा कि पहली तिमाही के GDP आंकड़े देश की आर्थिक ग्रोथ की स्थिति समझने के लिहाज से अहम होंगे। उनके मुताबिक, कच्चे तेल की ऊंची कीमतों और मिडिल ईस्ट में जारी संघर्ष के बीच इन आंकड़ों का असर बाजार के रुख पर पड़ सकता है।
पोनमुडी के मुताबिक, जैक्सन होल में फेड चेयर केविन वॉर्श की हॉकिश टिप्पणियों के बाद अमेरिकी मौद्रिक नीति दुनियाभर के बाजारों के लिए बड़ा मुद्दा बन गई है। 4 सितंबर को आने वाली अमेरिकी जॉब रिपोर्ट और इसके बाद जारी होने वाला महंगाई का आंकड़ा यह तय करने में अहम हो सकता है कि सितंबर में ब्याज दरों को लेकर बाजार में बनी उम्मीदें मजबूत होती हैं या कमजोर।
इस बीच, विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों (FPIs) ने अगस्त में भारतीय शेयर बाजार में 30,919 करोड़ रुपये का निवेश किया है। इसके साथ ही भारतीय इक्विटी में उनकी खरीदारी लगातार दूसरे महीने जारी रही।
पिछले हफ्ते भारतीय शेयर बाजार में हल्की गिरावट देखने को मिली। सेंसेक्स 276.32 अंक यानी 0.35 फीसदी गिरा, जबकि निफ्टी में 76.35 अंक यानी 0.31 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई।

