नई दिल्ली। Market Cap: भारतीय शेयर बाजार में पिछले हफ्ते गिरावट का असर देश की सबसे बड़ी कंपनियों के मार्केट वैल्यू पर भी दिखा। टॉप-10 सबसे ज्यादा मूल्य वाली कंपनियों में से चार के कुल मार्केट वैल्यू में 87,960.29 करोड़ रुपये की गिरावट आई।
सबसे ज्यादा नुकसान भारती एयरटेल को हुआ। यह गिरावट ऐसे समय आई है जब शेयर बाजार में भी बिकवाली का दबाव बना हुआ है। पिछले सप्ताह BSE का सेंसेक्स 468.42 अंक यानी 0.60 प्रतिशत गिरकर बंद हुआ। वहीं, NSE का निफ्टी 114 अंक यानी 0.46 प्रतिशत नीचे रहा।
रिलिगेयर ब्रोकिंग के सीनियर वाइस प्रेसिडेंट और रिसर्च एक्सपर्ट अजीत मिश्रा के मुताबिक, भारतीय शेयर बाजार में सावधानी का माहौल बना हुआ है। महंगा कच्चा तेल, दुनिया भर में बढ़ती बॉन्ड यील्ड और लगातार बने भू-राजनीतिक तनाव ने निवेशकों की धारणा पर दबाव डाला।
इन कंपनियों की मार्केट वैल्यू में गिरावट
टॉप-10 कंपनियों में भारती एयरटेल के मार्केट वैल्यू में सबसे बड़ी गिरावट दर्ज की गई। कंपनी का बाजार पूंजीकरण 28,052.96 करोड़ रुपये घटकर 12,14,963.15 करोड़ रुपये रह गया।
इसके बाद टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज यानी TCS का नंबर रहा। कंपनी के मार्केट वैल्यू में 22,070.34 करोड़ रुपये की कमी आई और यह 8,31,436.51 करोड़ रुपये पर आ गया।
स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के बाजार पूंजीकरण में भी 20,861.20 करोड़ रुपये की गिरावट आई। इसके बाद बैंक का मार्केट वैल्यू 9,64,968.76 करोड़ रुपये रह गया। हिंदुस्तान यूनिलीवर का मार्केट वैल्यू 16,975.79 करोड़ रुपये घटकर 4,73,912.56 करोड़ रुपये रह गया।
इन कंपनियों के मार्केट वैल्यू बढ़ी
जहां कुछ बड़ी कंपनियों को नुकसान हुआ, वहीं कुछ कंपनियों के मार्केट वैल्यू में बढ़ोतरी भी दर्ज की गई। भारतीय जीवन बीमा निगम यानी LIC का बाजार पूंजीकरण 12,650 करोड़ रुपये बढ़कर 5,35,980.31 करोड़ रुपये हो गया।
रिलायंस इंडस्ट्रीज के मार्केट वैल्यू में 8,119.53 करोड़ रुपये की बढ़ोतरी हुई और यह 17,78,175.59 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। लार्सन एंड टुब्रो का बाजार पूंजीकरण भी 3,487.83 करोड़ रुपये बढ़कर 5,62,460.94 करोड़ रुपये हो गया।
बजाज फाइनेंस का मार्केट वैल्यू 3,424.28 करोड़ रुपये बढ़कर 6,80,621.62 करोड़ रुपये रहा। ICICI बैंक के बाजार पूंजीकरण में 752.47 करोड़ रुपये की बढ़ोतरी हुई और यह 10,18,330.45 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। HDFC बैंक का मार्केट वैल्यू भी 356.95 करोड़ रुपये बढ़कर 11,21,159.05 करोड़ रुपये हो गया।
मार्केट वैल्यू के लिहाज से रिलायंस इंडस्ट्रीज सबसे बड़ी कंपनी बनी हुई है। इसके बाद भारती एयरटेल, HDFC बैंक, ICICI बैंक, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, TCS, बजाज फाइनेंस, लार्सन एंड टुब्रो, LIC और हिंदुस्तान यूनिलीवर का स्थान रहा।

