Kota Dussehra: पाग और साफा बांध प्रतियोगिता में दीपक मेहरा रहे अव्वल

0
20

कोटा। Kota Dussehra 2026: राष्ट्रीय दशहरा मेला 2026 के अंतर्गत मंगलवार को विजयश्री रंगमंच पर आयोजित ‘साफा-कोटा पाग प्रतियोगिता’ में राजस्थानी संस्कृति और परंपरा के अद्भुत रंग देखने को मिले। इस रोमांचक आयोजन में राजस्थान की समृद्ध विरासत की पहचान माने जाने वाले पारंपरिक साफे और पगड़ियों का अनूठा संगम नजर आया। कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों की शैलियों ने उपस्थित दर्शकों का मन मोह लिया।
​
​प्रतियोगिता का शुभारंभ अतिथियों ने मां सरस्वती एवं भगवान गणेश के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर कोटा की महापौर अनुसूइया गोस्वामी और ओपी मेहरा ने अतिथियों का स्वागत किया।

​मुकाबले में मोठड़ा, चुनड़ी, राजपूती, पचरंगी, जोधपुरी, मेवाड़ी, मारवाड़ी और हाड़ौती के पारंपरिक साफे आकर्षण का केंद्र रहे। खास बात यह रही कि इसमें 11 वर्ष के बालकों से लेकर 65 वर्ष के बुजुर्गों तक, यानी तीन पीढ़ियों ने एक साथ भाग लेकर राजस्थानी सभ्यता को जीवंत कर दिया। प्रतियोगिता में कुल 41 प्रतिभागियों (चार महिलाओं सहित) ने हिस्सा लिया, जिनमें से 5 प्रतिभागियों ने पाग श्रेणी में भाग लिया।

प्रतिभागियों को तीन मिनट के तय समय में पूरी तरह खुला हुआ साफा करीने से बांधना था। निर्णायकों ने साफा घुमाने के तरीके, चेहरे के अनुरूप उठाव, झुकाव, और विशेषकर चुन्नटों के राउंड के आधार पर अंक दिए। बच्चों और महिलाओं ने भी बड़े-बुजुर्गों को कड़ी टक्कर दी, जिसे देखकर हर कोई हतप्रभ रह गया।
​

ये रहे विजेता

  • साफा बंधन प्रतियोगिता: दीपक मेहरा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। योगेश वर्मा दूसरे तथा पवन सिंह, युवराज सिंह सोलंकी और प्रिंस मोदी संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर रहे।
  • कोटा पाग प्रतियोगिता: कुलदीप सिंह गोहाटा प्रथम, लोकेश दाधीच द्वितीय और अमन मेघवाल तृतीय स्थान पर रहे।
  • विशेष विजेता: रामपुरा निवासी प्रिंस मोदी को प्रतियोगिता का समग्र विजेता घोषित किया गया। सवाई माधोपुर के आदित्य सिंह नरूका दूसरे और बोरखेड़ा के लोकेश सिंह चौहान तीसरे स्थान पर रहे।
    ​