Chana Price: पिछले सप्ताह आपूर्ति कमजोर रहने से देशी चना के भाव तेज रहे

0
1

नई दिल्ली। Chana Weekly Report: लिवाली और बिकवाली सुस्त रहने से चालू सप्ताह में चना कीमतों में उतार-चढ़ाव रहा। हालांकि, सप्ताहांत में बिकवाली कमजोर पड़ने और मांग में सुधार से कीमतों को सहारा मिला। पिछले एक पखवाड़े से प्रमुख उत्पादक क्षेत्रों में देशी चना की आपूर्ति कमजोर है।

किसानों के घरों से अधिकांश चना निकल चुका है और मंडियों में भी आवक सीमित है। गत वर्ष की समान अवधि की तुलना में प्रमुख मंडियों में चना आवक करीब 40 प्रतिशत कम बताई जा रही है।

ईरान-इजरायल-अमेरिका संघर्ष के कारण ट्रक भाड़ा और परिवहन लागत बढ़ने से दूर-दराज की मंडियों से चना की आपूर्ति प्रभावित हुई है। कमजोर आवक के कारण दाल मिलों को पर्याप्त कच्चा माल नहीं मिल पा रहा है और वे जरूरत के अनुसार ही खरीदारी कर रही हैं।

घरेलू आपूर्ति कमजोर होने के बावजूद आयातित चना बाजार को पर्याप्त राहत नहीं दे पा रहा है। ऑस्ट्रेलिया में चना के भाव 670–680 डॉलर प्रति टन के आसपास हैं। ऊंचे समुद्री और परिवहन भाड़े के कारण आयातित चना भारतीय बाजार में महंगा पड़ रहा है। कमजोर घरेलू आवक, सीमित बिकवाली और महंगे आयात से चना बाजार को नीचे के भावों पर समर्थन मिल रहा है।

लिवाली अभी बहुत मजबूत नहीं है, इसलिए तेजी एकतरफा रहने की संभावना कम है। हालांकि, आवक कमजोर रहने और दाल मिलों की मांग सुधरने पर आगामी दिनों में बाजार में मजबूती का रुख बन सकता है।

लिवाली व बिकवाली सुस्त बनी रहने से चालू सप्ताह के दौरान दिल्ली चना के भाव में 100 रुपए प्रति क्विंटल की तेजी मंदी दर्ज की गई और इस तेजी मंदी के साथ भाव मध्य प्रदेश लाइन चना के भाव बढ़कर 6325 रुपए तथा राजस्थान लाइन के भाव 6400 रुपए प्रति क्विंटल रह गए।

आयातकों की बिकवाली कमजोर पड़ने तथा खरीदारों की लिवाली बढ़ने से चालू सप्ताह के दौरान आयातित चना के बाजार में तेजी दर्ज की गयी। सीमित आपूर्ति और बेहतर मांग के कारण आयातित चना के भाव 50/75 रुपये प्रति क्विंटल तक मजबूत हुए। सप्ताहांत में मुंबई बंदरगाह पर तंजानिया चना 6300 रुपये प्रति क्विंटल, नवाशेवा बंदरगाह पर ऑस्ट्रेलिया चना 6450 रुपये तथा मुंद्रा बंदरगाह पर आयातित चना 6325/6350 रुपये प्रति क्विंटल हो गए।

बिकवाली कमजोर पड़ने व लिवाली सिमित बनी रहने से इस साप्ताह राजस्थान चना की कीमतों में 50/75 रुपए प्रति क्विंटल की घट बढ़ देखी गयी और इस घट बढ़ के साथ भाव सप्ताहांत में जोधपुर 5200/5850 रुपए जयपुर 6400 रुपए बीकानेर 5800/6000 रुपए किशनगढ़ 5800/5900 रुपए व कोटा 5600/5941रुपए प्रति क्विंटल हो गयी।

स्टाकिस्टों की बिकवाली कमजोर पड़ने व दाल मिलर्स की मांग बनी रहने से चालू साप्ताह के दौरान महाराष्ट्र चना की कीमतों में 50 रुपए प्रति क्विंटल की तेजी दर्ज की गयी और इस तेजी के साथ भाव सप्ताहांत में सोलापुर 5800/6600 रुपए लातूर 6300/6400 रुपए अकोला 6650 रुपए नागपुर 6650 रुपए व अहमदनगर 6200/6400 रुपए प्रति क्विंटल हो गयी।

लिवाली व बिकवाली शांत बनी रहने से इस साप्ताह मध्य प्रदेश चना की कीमतों में 50/100 रुपए प्रति क्विंटल की तेजी मंदी देखी गयी और इस तेजी मंदी के साथ भाव सप्ताहांत में अशोकनगर 5900/6250रुपए गंजबासोदा 5800/6२00 रुपए सागर 5900/6300 रुपए कटनी 6450/6500 रुपए व इंदौर 6550/6650 रुपए प्रति क्विंटल हो गयी।

लिवाली बढ़ने से कानपुर चना की कीमतों में इस साप्ताह 25 रुपए प्रति क्विंटल का सुधार देखा गया और इस सुधार के साथ भाव सप्ताहंत में 6500 रुपए प्रति क्विंटल हो गए। जबकि रयपुर चना कीमतों में इस साप्ताह 50 रुपए प्रति क्विंटल की गिरावट देखी गयी और सप्ताहंत में भाव 6400/6550 रुपए प्रति क्विंटल रह गए।

लिवाली कमजोर बनी रहने से चालू साप्ताह के दौरान चना दाल की कीमतों में 50/75 रुपए क्विंटल की गिरावट दर्ज की गयी और इस गिरावट के साथ भाव सप्ताहांत में दिल्ली 7325/7625 रुपए भाटापरा 7700/7800 रुपए कटनी 7675 रुपए,गुलबर्गा 7700/7850 रुपए जलगांव 7650/8000 रुपए जयपुर 7325 रुपए व कानपुर 7200/7300 रुपए प्रति क्विंटल रह गयी।