तीज मेले में गूंजे बाबा खाटू श्याम के जयकारे, सावन के भजनों से भक्तिमय हुआ वातावरण

0
5

कोटा। श्रावणी तीज मेला महोत्सव आयोजन समिति के तत्वावधान में आयोजित 59वें तीज मेले के अवसर पर बाबा खाटू श्याम का विशाल जागरण आयोजित किया गया। जिसमें श्रद्धालुओं ने देर रात तक भजनों का आनंद लिया।

कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि पूर्व प्रतिपक्ष नेता लव शर्मा, कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे सर्व हिंदू समाज सोशल क्रांतिकारी महासंघ के अध्यक्ष गोविंद नारायण अग्रवाल एवं विशिष्ट अतिथि राम मंदिर से दामोदर अग्रवाल द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर की गई।

सांस्कृतिक कार्यक्रम संयोजक राजाराम जैन ‘कर्मयोगी’ के अनुसार, श्याम परिवार के सानिध्य में आयोजित इस जागरण की शुरुआत भजन गायक संजय गोयल ने सावन के पावन माह पर आधारित भजनों से की। उनके भजन “झूला झूलो री राधे रानी झुलाने तेरा श्याम आया रे” पर श्रोता झूमने को मजबूर हो गए।

इसके पश्चात भजन गायक कन्हैया प्रजापति ने “गिरधर मेरे मौसम आया धरती के श्रृंगार का” भजन प्रस्तुत कर पंडाल में उपस्थित सभी लोगों की तालियां बटोरीं। वहीं भजन गायिका रिद्धि भरावा ने अपने सुप्रसिद्ध भजन “किस्मत वालों को मिलता है श्याम तेरा दरबार” से श्रद्धालुओं को भक्ति रस में सराबोर रखा।

जागरण की इस श्रृंखला को आगे बढ़ाते हुए कलाकार यश शाक्यवाल, किशन मुद्गल, राहुल दुबे और कृष्णा विजय ने अपनी सुरीली आवाज में “मेरे सिर पर रख दो बाबा अपने यह दोनों हाथ” और “मेरी झोपड़ी के भाग आज खुल जाएंगे श्याम आएंगे” जैसे अत्यंत लोकप्रिय भजन सुनाकर पूरे वातावरण को मंत्रमुग्ध कर दिया।

आयोजन समिति के अध्यक्ष बसंत भरावा एवं संयोजक श्याम भरावा ने सभी अतिथियों तथा कलाकारों का आभार व्यक्त किया। देर रात तक चले इस भक्तिमय कार्यक्रम का समापन मेला अध्यक्ष बसंत भरावा द्वारा गाए गए भावुक भजन “कभी रूठना ना बाबा श्याम सांवरे” और बाबा खाटू श्याम की महाआरती के साथ संपन्न हुआ।