- 690 करोड़ की लागत के विकास कार्य़ों का लोकार्पण-शिलान्यास
- बिरला बोले, शहर के हर कौने में बुनियादी सुविधाओं का होगा विस्तार
कोटा। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने मंगलवार को कोटा विकास प्राधिकरण, नगर निगम, सार्वजनिक निर्माण विभाग सहित विभिन्न विभागों के 690 करोड़ रुपए की लागत के 430 से अधिक विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इस अवसर पर बिरला ने कहा कि कोटा शहर के समग्र विकास के लिए सात हजार करोड़ रुपए के विकास कार्य धरातल पर उतारे जाएंगे।
बड़ी परियोजनाओं के माध्यम से शहर को आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर की सौगात मिलेगी, वहीं आधारभूत ढांचे के साथ शहर के हर कोने में मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने और छोटी से छोटी समस्याओं के समाधान पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। हमारा संकल्प है कि कोटा शहर के सभी 100 वार्डों को स्मार्ट वार्ड के रूप में विकसित किया जाए।
बिरला ने कहा कि कोटा में ऐसा मॉडल विकसित किया जाएगा, जहां हर सेवा और जनकल्याणकारी योजना का लाभ आमजन को उसके घर के नजदीक मिले और उसे सरकारी कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ें। इसके लिए डिजिटल सेवाओं और स्थानीय स्तर पर सुविधाओं के विस्तार पर जोर दिया जाएगा।
कनेक्टिविटी में नंबर 1 बनेगा कोटा
उन्होंने कहा कि अगले वर्ष एयरपोर्ट का निर्माण पूरा होने के बाद कनेक्टिविटी के क्षेत्र में कोटा राजस्थान के अग्रणी शहरों में शामिल होगा। एक्सप्रेसवे से कोटा की कनेक्टिविटी बढ़ रही है और अगले वर्ष शहर को वर्ल्ड क्लास रेलवे स्टेशन की सौगात भी मिलेगी। रेल, सड़क और हवाई कनेक्टिविटी के मजबूत होने से कोटा के पर्यटन को नई गति मिलेगी और औद्योगिक विकास के नए अवसर पैदा होंगे। बिरला ने कहा कि एआई और डिजिटल शिक्षा के क्षेत्र में कोटा को आगे बढ़ाया जाएगा। ट्रिपल आईआईटी के माध्यम से देश के आधुनिकतम एक्सीलेंस सेंटर के निर्माण की दिशा में भी कार्य किया जा रहा है, जिससे युवाओं को नई तकनीकों और कौशल से जोड़ने के अवसर मिलेंगे।
कोटा बनेगा स्वच्छ एवं सुंदर
बिरला ने कहा कि कोटा को स्वच्छ, सुंदर, व्यवस्थित, सुरक्षित और आधुनिक शहर बनाने के लिए व्यापक कार्ययोजना के साथ काम किया जा रहा है।अगले दो वर्षों में एयरपोर्ट के साथ चंबल गार्डन, भीतरिया कुंड, संविधान पार्क, दिव्यांग एवं वैदिक पार्क, विकास पथ, स्मार्ट रोड, जंगल सफारी, अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम, खेल संकुल, एयरो सिटी, रामाश्रय, मदर एंड चाइल्ड हॉस्पिटल, स्किल सेंटर तथा दशहरा मैदान फेज-1 सहित आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर से जुड़ी करीब 1 हजार करोड़ रुपए की परियोजनाएं कोटा के विकास को नई दिशा और नए आयाम देंगी।
क्षेत्र में विकास को मिली नई गति: सांसद अग्रवाल
भीलवाड़ा सांसद दामोदर अग्रवाल ने कहा कि कोटा में एक साथ करीब 690 करोड़ रुपए के विकास कार्यों का शिलान्यास और लोकार्पण होना गौरव की बात है। उन्होंने इसके लिए लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला का आभार जताते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन में कोटा ही नहीं, पूरे क्षेत्र में विकास को नई गति मिली है। अग्रवाल ने कहा कि आगामी चुनाव में भाजपा को मजबूत करने और महापौर बनाने के लिए सभी को एकजुट होकर प्रयास करना होगा। उन्होंने कहा कि वे चुनावी व्यवस्था के तहत कोटा संभाग में रहकर पार्टी कार्यकर्ताओं का सहयोग करेंगे।
मध्य प्रदेश के खरगोन से सांसद गजेंद्र पटेल ने कहा कि कोटा के लिए आज का दिन ऐतिहासिक है। एक साथ बड़ी संख्या में विकास कार्यों का शिलान्यास और लोकार्पण होना बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को बधाई देते हुए कहा कि वे देशभर में विकास पुरुष के रूप में पहचाने जाते हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में गरीब कल्याण की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में भाजपा कार्यकर्ताओं की भूमिका की सराहना की। पटेल ने कहा कि कोटा में बिरला के नेतृत्व में विकास की गति लगातार आगे बढ़ रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आगामी चुनाव में हर वार्ड में कमल खिलाने और भाजपा का महापौर बनाने का आह्वान किया।
कांग्रेस ने फिजूलखर्ची की: विधायक शर्मा
कोटा दक्षिण विधायक संदीप शर्मा ने कहा कि लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के मार्गदर्शन, विजन और जनता की जरूरतों के अनुरूप कोटा में विकास कार्य तेजी से हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि आज करीब 690 करोड़ रुपए की लागत से 430 से अधिक विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया जा रहा है। इनमें करीब 230 करोड़ रुपए के कार्यों का लोकार्पण और 460 करोड़ रुपए के कार्यों का शिलान्यास शामिल है। उन्होंने कहा कि कोटा के समग्र विकास के साथ एयरपोर्ट, सड़क, पर्यटन, औद्योगिक विकास और चिकित्सा सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
शर्मा ने कहा कि बिरला की पहल से धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए मथुराधीश मंदिर कॉरिडोर सहित अन्य कार्य आगे बढ़ रहे हैं। जरूरतमंदों, महिलाओं, बच्चों और मरीजों के लिए भी लगातार सहायता के कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि चिकित्सा क्षेत्र में सुपर स्पेशियलिटी, कैशलेस सुविधा और किडनी ट्रांसप्लांट जैसी सुविधाएं भी बिरला के प्रयासों से मजबूत हुई हैं। शर्मा ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि पूर्व सरकार ने हजारों करोड़ रुपए खर्च करने के बावजूद कोटा की मूलभूत समस्याओं का समाधान नहीं किया। उन्होंने आगामी चुनाव में कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर भाजपा को मजबूत करने और हर वार्ड में कमल खिलाने का आह्वान किया।
भाजपा विधायकों के साथ होता था भेदभाव
लाडपुरा विधायक कल्पना देवी ने कहा कि कांग्रेस सरकार के दौरान भाजपा विधायकों वाले क्षेत्रों के साथ विकास कार्यों में भेदभाव किया गया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार बनने के बाद लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने स्पष्ट किया था कि कोई भी विकास कार्य नहीं रुकेगा और हर वार्ड, गांव तथा क्षेत्र में मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने कहा कि आज कोटा और विशेष रूप से लाडपुरा में जिस तरह विकास कार्य हो रहे हैं, उसमें बिरला का मार्गदर्शन और जनता का सहयोग महत्वपूर्ण है। उन्होंने लाडपुरा के कायाकल्प के लिए बिरला का आभार जताया।
निवर्तमान महापौर राजीव अग्रवाल, जिला अध्यक्ष कोटा शहर राकेश जैन, विशेष आमंत्रित सदस्य भाजपा गोविन्द शर्मा, पूर्व उपमहापौर सुनीता व्यास, पूर्व जिलाध्यक्ष, कोटा शहर कृष्ण कुमार सोनी एवं हेमंत विजय, निवर्तमान नेता प्रतिपक्ष, नगर निगम विवेक राजवंशी एवं लव शर्मा, पूर्व महापौर महेश विजय, संभागीय आयुक्त अनिल अग्रवाल, जिला कलेक्टर पीयूष समारिया, कोटा विकास प्राधिकरण आयुक्त बचनेश अग्रवाल, नगर निगम आयुक्त ओमप्रकाश मेहरा तथा न्यू मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. निलेश जैन सहित कोटा उत्तर, कोटा दक्षिण, लाडपुरा एवं रामगंजमंडी विधानसभा क्षेत्रों के नगर निकाय क्षेत्रों से बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

