बिकवाली के प्रेशर में सेंसेक्स 492 अंक गिर कर 77235 पर बंद, निफ्टी 24200 के नीचे

0
2

नई दिल्ली। Stock Market Closed: भारतीय शेयर बाजार में मंगलवार को भी गिरावट दर्ज की गई। प्रमुख सूचकांक सेंसेक्स 492 अंक से अधिक लुढ़क गया। वहीं, निफ्टी भी 24,200 के महत्वपूर्ण स्तर से नीचे बंद हुआ।

दिनभर के कारोबार के बाद सेंसेक्स 77,235.46 अंक पर बंद हुआ, जिसमें 0.63 फीसदी की गिरावट आई। निफ्टी 132.75 अंक गिरकर 24,154.90 के स्तर पर पहुंच गया। इसमें 0.55 फीसदी की कमी देखी गई। इस गिरावट से निवेशकों में चिंता बढ़ गई है। सेंसेक्स में लगातार तीसरे दिन गिरावट आई है जबकि निफ्टी लगातार छठे सत्र में लुढ़का है।

सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 22 गिरावट के साथ बंद हुए। एशियन पेंट्स में सबसे ज्यादा 2.4 फीसदी गिरावट रही। इसके अलावा इन्फोसिस, एचसीएल टेक, भारती एयरटेल, टीसीएस, हिंदुस्तान यूनिलीवर, अल्ट्राटेक सीमेंट, इंडिगो और आईटीसी में भी उल्लेखनीय गिरावट रही। दूसरी ओर एक्सिस बैंक, पावरग्रिड, महिंद्रा एंड महिंद्रा, बजाज फाइनेंस, लार्सन एंड टुब्रो, रिलायंस, बजाज फिनसर्व और एनटीपीसी के शेयरों में तेजी रही।

किन शेयरों में दिखी बड़ी गिरावट
आज के कारोबार में एचसीएल टेक और इंफोसिस जैसी दिग्गज सूचना प्रौद्योगिकी कंपनियों के शेयरों में लगभग 2 फीसदी की बड़ी गिरावट आई। इन कंपनियों के शेयरों में आई कमी ने बाजार के नकारात्मक रुख को और बढ़ा दिया। निवेशकों ने इन शेयरों से दूरी बनाई। यह गिरावट बाजार के समग्र प्रदर्शन पर भारी पड़ी।