नई दिल्ली। Crude Oil Price: कच्चे तेल की कीमतों में लौटी तेजी से दुनियाभर की टेंशन फिर बढ़ गई है। ग्लोबल मार्केट में ब्रेंट क्रूड का भाव 90 डॉलर प्रति बैरल के पार निकल गया है। फिलहाल 91 डॉलर प्रति बैरल के आसपास है। पिछले हफ्ते कीमतों में 5-6 फीसदी तक की तेजी दर्ज की गई थी।
क्रूड की कीमतों में तेजी के लिए बड़ा ट्रिगर यूएस-ईरान में जारी तनाव है। क्योंकि फाइनल सेटलमेंट के लिए खुला 60 दिनों का विंडो बंद हो गया है। ट्रंप और ईरान के नेताओं में जारी बयानबाजी ने आग घी में डालने का काम किया है। एक्सपर्ट मान रहे हैं कि कीमतें आगे भी ऊंची बनी रह सकती हैं।
ब्रेंट क्रूड की कीमतों में तेजी देखने को मिल रही। ब्रेंट क्रूड 91 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा है। पिछले हफ्ते 6 फीसदी की वीकली बढ़त दर्ज की गई थी।
केडिया एडवाइजरी के अजय केडिया ने कहा कि मंगलवार, 18 अगस्त को कीमतों में लगातार तीसरे सेशन में क्रूड उछला है। कीमतों को यूएस-ईरान के बीच समझौते को लेकर बनी अनिश्चितता से सपोर्ट मिल रहा।
कोटक सिक्योरिटीज के AVP (कमोडिटी रिसर्च) कायनात चेनवाला ने कहा कि कच्चे तेल में तेजी की वजह यह है कि US-ईरान तनाव कम करने के लिए किसी समझौते की उम्मीदें कम होती जा रही हैं। दूसरी ओर लेबनान में नई लड़ाई और होर्मुजसे गुजरने वाले जहाजों पर लगातार हमलों से सप्लाई का रिस्क बकरार है।
कीमतों में और तेजी की आशंका
कीमतों में 5-6% वीकली बढ़त भी इसलिए सीमित रही क्योंकि ट्रेडर्स ने अंतरराष्ट्रीय ऊर्जा एजेंसी (IEA) और पेट्रोलियम निर्यातक देशों के संगठन (OPEC) के कमजोर मांग अनुमानों और US में अचानक भारी इन्वेंट्री बढ़ने जैसी बातों को भी ध्यान में रखा। आगे होर्मुज की स्थिति, खत्म हो चुकी समय-सीमा और संभावित प्रतिबंधों को देखते हुए कीमतों में उतार-चढ़ाव जारी रहने की संभावना है।
कायनात चेनवाला ने आगे कहा कि टेंशन बढ़ने या प्रतिबंधों के कारण अगर स्थिति बिगड़ती है तो कीमतों में और तेजी देखने को मिल सकती है। ऐसे में क्रूड की कीमत 95 डॉलर प्रति बैरल तक जा सकती है, जबकि हमलों में कमी आने पर कीमतों में बढ़त सीमित हो सकती है।

