विधायक शर्मा ने कोटा हाड़ोती ट्रेवल मार्ट 2 के कोटा में आयोजन का भरोसा दिलाया

0
1

हाड़ोती के पर्यटन विकास के लिए होटल फेडरेशन ने विधायक शर्मा से की अपील

कोटा। होटल फेडरेशन ऑफ़ राजस्थान के अध्यक्ष हुसैन खान, सचिव रणविजय सिंह एवं कोटा डिवीजन के अध्यक्ष अशोक माहेश्वरी और महासचिव संदीप पाडिया ने शुक्रवार को जयपुर सचिवालय में विधायक संदीप शर्मा से भेंट कर कोटा हाड़ोती ट्रैवल मार्ट 2 को राज्य सरकार से अनुमति दिलाने की मांग की।

कोटा डिवीजन के अध्यक्ष अशोक माहेश्वरी एवं महासचिव संदीप पाडिया ने विधायक संदीप शर्मा को बताया कि सितंबर माह में जयपुर एवं जोधपुर में आयोजित होने वाले ट्रेवल मार्ट को राज्य सरकार ने अनुमति प्रदान कर दी है।

होटल फेडरेशन कोटा डिवीजन द्वारा राज्य की उप मुख्यमंत्री एवं पर्यटन मंत्री दिया कुमारी को अगले वर्ष जनवरी में कोटा हाड़ोती ट्रेवल मार्ट 2 को आयोजित करने का प्रस्ताव मंजूरी के लिए दे दिया गया है।

माहेश्वरी ने संदीप शर्मा से आग्रह किया कि इसे तुरंत प्रभाव से इस माह मे ही अनुमति प्रदान करायी जाए, जिससे कोटा हाड़ोती ट्रैवल मार्ट के आयोजन का मार्ग प्रशस्त हो सके।

उन्होंने कहा कि जनवरी 2026 में आयोजित ट्रैवल मार्ट के सकारात्मक परिणाम धीरे-धीरे सामने आ रहे हैं। हाड़ोती राष्ट्रीय पर्यटन के मानचित्र पर अपनी पहचान बनाता जा रहा है और भारी मात्रा में टूर कंपनियां एवं पर्यटक कोटा हाड़ोती में भ्रमण के लिए आ रहे हैं, लेकिन अभी भी प्रचार-प्रसार और मार्केटिंग की बड़ी आवश्यकता है।

वर्ष 2027 में आयोजित ट्रेवल मार्ट का आयोजन प्रस्तावित है। हमारा उद्देश्य है कि ट्रेवल मार्ट के माध्यम से हाड़ोती के पर्यटन विकास में निरंतरता एवं गतिशीलता बनी रहेगी। पिछले दो वर्षों से जो प्रयास हुए हैं, उसे आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा। साथ ही इस वर्ष ट्रेवल मार्ट में उनके द्वारा हाड़ोती में डेस्टिनेशन मैरिज बढ़ाने एवं विदेशी पर्यटकों को भी कोटा लाने की कार्य योजना बनाई जा रही है।

क्योंकि संपूर्ण पर्यटन विकसित करने के लिए देसी पर्यटकों के साथ-साथ विदेशी पर्यटकों को एवं डेस्टिनेशन मैरिज हाड़ौती में होने से यहां पर्यटन के साथ-साथ होटल रिसोर्ट में भी नया निवेश हो सकेगा, जिससे यहां की अर्थव्यवस्था मजबूत होगी ।

होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान के अध्यक्ष हुसैन खान एवं सचिव रणविजय सिंह ने विधायक शर्मा का हार्दिक अभिनंदन करते हुए कहा कि कोटा हाड़ोती ट्रेवल मार्ट 2026 का आयोजन लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला की प्रेरणा एवं राज्य की उपमुख्यमंत्री एवं पर्यटन मंत्री दिया कुमारी के संभाग स्तर पर ट्रैवल मार्ट का आयोजन की घोषणा और उनके सहयोग से संभव हो सका है।

इस ट्रेवल मार्ट के आयोजन में होटल फेडरेशन आफ राजस्थान कोटा डिवीजन के अध्यक्ष अशोक माहेश्वरी एवं उनकी टीम ने पूरे देश के ट्रैवल मार्टो में प्रथम पंक्ति में कोटा हाडोती ट्रैवल मार्ट का नाम दर्ज करा कर राष्ट्रीय स्तर पर हाडोती को पर्यटन के मानचित्र पर स्थापित किया है। उन्होंने कहा कि ट्रैवल मार्ट के आयोजन इस दिशा में मिल का पत्थर साबित होते हैं ।

विधायक संदीप शर्मा ने प्रतिनिधिमंडल को बताया कि लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के प्रयासों से पर्यटन विकास को दृष्टिगत रखते हुए पर्यटन स्थलों के विकास के लिए निरंतर कार्य किये जा रहे हैं। साथ ही कोटा से दिल्ली मुंबई एक्सप्रेस वे और नए हवाई अड्डे की स्थापना भी होने जा रही है। उन्होंने कहा कि उन सभी प्रयासों को राज्य सरकार द्वारा प्राथमिकता दी जा रही है, जो पर्यटन उद्योग को गति देने वाले हैं।

उन्होंने कहा ट्रेवल मार्ट ने हाड़ोती के पर्यटन को नई ऊंचाइयां प्रदान की है। इससे हाड़ोती में पर्यटकों की संख्या में बढ़ोतरी हुई है। उनका प्रयास है कि कोटा में कोटा हाड़ोती ट्रेवल मार्ट 2 का आयोजन हो और हाड़ोती पर्यटन डेस्टिनेशन मैरिज का हब बने। यही मांग सरकार से भी है। उन्होंने कहा कि वे स्वयं राज्य की उपमुख्यमंत्री एवं पर्यटन मंत्री दिया कुमारी से वार्ता कर इस प्रस्ताव को मंजूरी दिलाने का पूरा प्रयास करेंगे।