हाड़ोती की भागीदारी से आने वाले समय में सकारात्मक परिणाम सामने आएंगे: माहेश्वरी
कोटा। लंदन में आयोजित वर्ल्ड ट्रैवल मार्ट (WTM) 2026 के अंतिम दिन होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान, कोटा डिवीजन की ओर से अंतरराष्ट्रीय पर्यटन जगत के प्रतिनिधियों एवं विभिन्न देशों से आए आगंतुकों के साथ संवाद कर राजस्थान एवं हाड़ौती की पर्यटन संभावनाओं को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया।
इस अवसर पर आयोजित रोड शो को संबोधित करते हुए होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान के संरक्षक सुरेंद्र सिंह शाहपुरा ने कहा कि वर्ल्ड ट्रैवल मार्ट के माध्यम से राजस्थान की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, ऐतिहासिक किले-महल, प्राकृतिक सौंदर्य, लोककला, परंपराओं एवं विश्वविख्यात अतिथि सत्कार की विशेषताओं को अंतरराष्ट्रीय मंच पर साझा किया गया। साथ ही विदेशी पर्यटकों को राजस्थान भ्रमण के लिए आमंत्रित किया गया।

उन्होंने कहा कि हमारा उद्देश्य राजस्थान को वैश्विक पर्यटन मानचित्र पर और अधिक सशक्त पहचान दिलाना, अंतरराष्ट्रीय पर्यटन संबंधों को मजबूत करना तथा प्रदेश में पर्यटन एवं हॉस्पिटैलिटी क्षेत्र में नए अवसरों को बढ़ावा देना है।
कोटा से गई टीम का प्रतिनिधित्व कर रहे मनमीत केजरीवाल ने विभिन्न देशों के पर्यटन प्रतिनिधियों एवं टूर ऑपरेटरों के साथ आयोजित B2B बैठकों में हाड़ौती के समस्त प्रमुख पर्यटन स्थलों की विस्तृत जानकारी साझा की। इन बैठकों में हाड़ौती की भौगोलिक स्थिति, ऐतिहासिक एवं प्राकृतिक पर्यटन संपदा, पर्यटकों के लिए उपलब्ध सुविधाओं तथा देश-विदेश से यहां पहुंचने की कनेक्टिविटी पर विस्तार से चर्चा की गई ।
होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान, कोटा डिवीजन के अध्यक्ष अशोक माहेश्वरी ने कहा कि वर्ल्ड ट्रैवल मार्ट में हाड़ौती की भागीदारी के सकारात्मक एवं दूरगामी परिणाम आने वाले समय में देखने को मिलेंगे।

