कोटा। होटल फेडरेशन ऑफ़ राजस्थान के बीकानेर में महाअधिवेशन के दौरान राजस्थान के पर्यटन एवं आतिथ्य (हॉस्पिटैलिटी) क्षेत्र को नई दिशा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान एवं कट्स एमओयू पर हस्ताक्षर किए गए।
होटल फेडरेशन राजस्थान कोटा डिवीजन के अध्यक्ष अशोक माहेश्वरी ने बताया कि होटल फेडरेशन ऑफ़ राजस्थान और कट्स (कंजूमर यूनिटी एंड ट्रस्ट सोसायटी) के मध्य हुए MOU का लाभ राजस्थान के पर्यटन के साथ-साथ हाडोती के पर्यटन को भी मिलेगा।
उन्होंने कहा कि बीकानेर में आयोजित प्रांतीय महाअधिवेशन में विधि एवं न्याय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल की उपस्थिति में यह MOU साइन किया गया जिसका उद्देश्य राजस्थान के आतिथ्य क्षेत्र में शोध-आधारित नीति निर्माण को बढ़ावा देना, उपभोक्ता हितों की सुरक्षा सुनिश्चित करना, सतत पर्यटन को प्रोत्साहित करना, सेवा गुणवत्ता में सुधार लाना तथा विभिन्न हितधारकों के मध्य प्रभावी संवाद स्थापित करना है।
माहेश्वरी ने कहा कि यह साझेदारी राज्य के पर्यटन उद्योग के समग्र विकास, नवाचार तथा वैश्विक प्रतिस्पर्धा को सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। इसका उद्देश्य राजस्थान के साथ- साथ हाड़ोती के पर्यटन एवं अपने नीति अनुसंधान एवं जनहित से जुड़े व्यापक अनुभव के आधार पर पर्यटन क्षेत्र के लिए व्यवहारिक सुझाव, अध्ययन तथा क्षमता विकास कार्यक्रमों में सहयोग प्रदान करेगा।
MOU पर कट्स (कंजूमर यूनिटी एंड ट्रस्ट सोसायटी) के प्रतिनिधि माघवेंद्र सिंह पनवार एवं होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान के अध्यक्ष हुसैन खान ने MOU पर हस्ताक्षर किए ।
इस अवसर पर होटल फेडरेशन ऑफ़ राजस्थान के संरक्षक सुरेंद्र सिंह शाहपुरा, प्रदेश अध्यक्ष हुसैन खान, सचिव रणविजय सिंह, कोटा डिवीजन के अध्यक्ष अशोक माहेश्वरी, अजमेर डिवीजन के अध्यक्ष प्रवीण प्रताप सिंह, बीकानेर डिवीजन अध्यक्ष खुशाल पारीक, उदयपुर डिवीजन के अध्यक्ष राकेश चौधरी, सचिव अंबालाल साहू सहित फेडरेशन के पदाधिकारी, सदस्य एवं गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।

