- होटल फेडरेशन ऑफ़ राजस्थान का प्रांतीय अधिवेशन बीकानेर में आयोजित
- कोटा हाड़ौती ट्रैवल मार्ट-2 के जनवरी 2027 में आयोजन के प्रस्ताव पर चर्चा
बीकानेर/कोटा। होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान के प्रांतीय अधिवेशन का शुभारंभ शनिवार को बीकानेर के एक बैंक्वेट हॉल में हुआ। उद्घाटन सत्र का शुभारंभ केंद्रीय कानून मंत्री सांसद अर्जुन राम मेघवाल ने किया ।
होटल फेडरेशन ऑफ़ राजस्थान के अध्यक्ष हुसैन खान एवं कोटा डिवीजन के अध्यक्ष अशोक माहेश्वरी ने बताया कि उद्घाटन सत्र के इस भव्य समारोह में विधायक सिद्धि कुमारी, अंशुमान सिंह भाटी, विधायक ताराचंद सारस्वत खाजूवाला, विधायक डॉ. विश्वनाथ मेघवाल, कलेक्टर निशांत जैन, होटल फेडरेशन ऑफ़ राजस्थान के सरक्षंक सुरेंद्र सिंह शाहपुरा सचिव रण विजय सिंह, कोषाध्यक्ष संदीप गोंगिया एवं होटल फेडरेशन ऑफ़ राजस्थान के सभी संभागों के पदाधिकारीयों ने भाग लिया ।
इस अवसर पर केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुनराम मेघवाल ने कहा कि राजस्थान का हर संभाग पर्यटन स्थलों से भरपूर है, जो भारी तादाद में देसी -विदेशी पर्यटकों को आकर्षित कर रहे हैं। प्रति वर्ष करोड़ों की संख्या में पर्यटक राजस्थान आते हैं, लेकिन जयपुर, जोधपुर, उदयपुर, जैसलमेर, रणथंभोर तक ही पहुंच पाते हैं। जबकि भरतपुर, हाड़ोती, बीकानेर एवं अजमेर संभाग भी बेहतरीन पर्यटन स्थलों से भरपूर है।
मेघवाल ने कहा कि अगर इन क्षेत्रों के पर्यटन स्थलों के प्रमोशन की ओर ध्यान दिया जाए तो आने वाले समय में संपूर्ण राज्य नई ऊंचाइयां छुएगा। उन्होंने होटल फेडरेशन आफ राजस्थान द्वारा पर्यटन विकास में राज्य भर में किये जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि फेडरेशन के प्रयासों से संभाग वाइज फेडरेशन के गठन से पर्यटन के क्षेत्र को नई ऊंचाइयां मिली है। इससे हाड़ोती के पर्यटन विकास को राष्ट्रीय मानचित्र पर ले जाने पहचान मिली है ।
मेघवाल ने कहा कि फेडरेशन के कोटा संभाग के अध्यक्ष अशोक माहेश्वरी के नेतृत्व मे इस दिशा में निरंतर सराहनीय कार्य हो रहा है। कोटा हाड़ोती ट्रेवल मार्ट एक सफल आयोजन रहा, जिससे हाड़ोती आज देश-विदेश के पर्यटन मानचित्र पर अपनी पहचान बनाता जा रहा है। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रयास अन्य संभागों में भी होनी चाहिए।
मेघवाल ने बीकानेर में पर्यटन के विकास के लिए यहां भी ट्रैवल मार्ट एवं पर्यटन उत्सव जैसे आयोजन के लिए सरकार के साथ फेडरेशन द्वारा प्रयास होना चाहिए, ताकि बीकानेर क्षेत्र का पर्यटन भी विकसित हो सके। इसके लिए उन्होंने होटल फेडरेशन आफ राजस्थान के बीकानेर संभांग के संरक्षक गोपाल अग्रवाल एवं अध्यक्ष खुशाल पारीक को आगे आने के लिए कहा। केंद्र व राज्य सरकार भी बीकानेर में पर्यटन विकास के लिए पूरी तरह से कटिबद्ध है। उन्होंने कहा कि पूरा राज्य ऐतिहासिक रमणीक पर्यटन स्थलों से भरपूर है। हमारे यहां की सांस्कृतिक धरोहर भी पूरी दुनिया में प्रसिद्ध है। यहां के व्यंजनों एवं संस्कृति को पूरी दुनिया में पसंद किया जाता है ।
होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान के अध्यक्ष हुसैन खान, संरक्षक सुरेंद्र सिंह शाहपुरा ने कहा कि होटल फेडरेशन ने पूरे राज्य के सभी संभागों में फेडरेशन की इकाइयों का गठन किया है। सभी संभागों में पिछले दो वर्षों से वहां के पर्यटन स्थलों के विकास को दृष्टिगत रखते हुए निरंतर कार्य किया जा रहा है।
कोटा हाड़ोती ट्रेवल मार्ट-2 जनवरी 2027 में
उन्होंने कहा कि पहली बार जयपुर के बाद कोटा संभाग में ट्रेवल मार्ट का आयोजन हुआ, जिसके परिणाम स्वरुप हाड़ोती के पर्यटन स्थलों का भी विकास हो रहा है। इस वर्ष जोधपुर संभाग में भी 20 से 22 सितंबर को ट्रैवल मार्ट का आयोजन हो रहा है, जिसकी राज्य सरकार ने मंजूरी भी प्रदान कर दी है। उन्होंने कहा कि हम कोटा में कोटा हाड़ोती ट्रेवल मार्ट -2 7 से 10 जनवरी 2027 को आयोजित करने का प्रस्ताव राज्य सरकार को दे चुके हैं, जिसे शीघ्र मंजूरी मिलने की संभावना है।
अगला प्रान्तीय महा अधिवेशन हाड़ोती के मानसून सीजन में
उन्होंने कहा कि होटल फेडरेशन आफ राजस्थान का अगला प्रान्तीय महा अधिवेशन हाड़ोती में मानसून सीजन में आयोजित किया जाएगा, जिसमें हाड़ोती के पर्यटन विकास की विशेष कार्य योजनाएं बनाई जाएंगी। फेडरेशन का प्रयास है की राज्य के सभी संभागों में ट्रेवल मार्ट और जिलों में पर्यटन उत्सवों का आयोजन किया जाए।
फेडरेशन के अध्यक्ष हुसैन खान एवं सचिव रणविजय सिंह ने कहा कि होटल फेडरेशन आफ राजस्थान द्वारा पर्यटन विकास में आने वाली बाधाओ के वह सभी बिंदु उनके द्वारा राज्य सरकार के समक्ष रखे गए थे, उनमें से 80% बिंदुओं को राज्य के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा एवं उप मुख्यमंत्री एवं पर्यटन मंत्री दिया कुमारी द्वारा हल कर दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि राजस्थान की उपमुख्यमंत्री एवं पर्यटन मंत्री दिया कुमारी राज्य के पर्यटन विकास को गति देने के लिए निरंतर कड़ी मेहनत कर रही है। उसके सुखद परिणाम भी हमारे सामने आने लगे हैं।
होटल फेडरेशन आफ राजस्थान कोटा डिवीजन के अध्यक्ष अशोक माहेश्वरी ने कहा कि संभाग वाइस पर्यटन विकास के दृष्टिकोण से होटल फेडरेशन कोटा डिवीजन पिछले दो वर्षों से हाड़ोती के पर्यटन विकास को गति प्रदान करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उनके द्वारा ट्रैवल मार्ट के अलावा कोटा महोत्सव, बूंदी महोत्सव, बारां महोत्सव एवं झालावाड़ महोत्सव आयोजित किए गए हैं। जिलेवार पर्यटन विकास को बढ़ावा दिया जा रहा है, जिससे संपूर्ण हाडोती का पर्यटन विकास हो सके। इसके लिए फेडरेशन की सभी इकाइयां बेहतरीन कार्य कर रही है।
उन्होंने कहा कि होटल फेडरेशन कोटा डिवीजन द्वारा हाड़ोती के पर्यटन विकास को दृष्टिगत हाडोती के पर्यटन स्थलों की प्रचार प्रचार सामग्री के प्रचार प्रसार के लिए पर्यटन उत्सवों में भागीदारी निभा रही है। आने वाले समय में देश में आयोजित होने वाले ट्रेवल मार्ट में हाड़ोती के पर्यटन का प्रचार प्रसार करने के लिए विशेष प्रचार प्रसार सामग्री और डिजिटल प्लेटफॉर्म का भी उपयोग में लिया जाएगा। कोचिंग नगरी के नाम से पूरे देश में विख्यात कोटा अब पर्यटन के दृष्टिकोण से भी जाना जा रहा है। इसको आगे बढ़ाने के लिए कोटा में आगामी ट्रैवल मार्ट का आयोजन अति आवश्यक है, ताकि इस दिशा में हाड़ोती को मिल रही गतिशीलता बनी रह सके ।
इस अवसर पर होटल फेडरेशन आफ राजस्थान कोटा डिवीजन के मुख्य सलाहकार अनिल मूंदड़ा एवं सोशल मीडिया प्रचार प्रसार समन्यवंक ऋषभ भार्गव ने भी सम्बोधित किया। उन्होंने बताया कि हाडोती पर्यटन स्थलों पर बनाई गई विशेष प्रचार सामग्री का विमोचन केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल, होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान के अध्यक्ष हुसैन खान, संरक्षक सुरेंद्र सिंह शाहपुरा, सचिव रणविजय सिंह एवं कोटा डिवीजन के अध्यक्ष अशोक माहेश्वरी द्वारा किया गया। अधिवेशन के दौरान राज्य के पर्यटन विकास को लेकर बनाई गयी डॉक्यूमेंट्री का भी विमोचन किया गया।





