मुंबई। Forex Reserve: भारत के विदेशी मुद्रा भंडार में एक बार फिर बढ़ोतरी की खबर है। दरअसल, पिछले सप्ताह दुनिया भर के बाजार में सोने के दाम बढ़े हैं। साथ ही भारत में विदेशी निवेशकों का प्रवाह भी बढ़ा।
इसका असर भारत के विदेशी मुद्रा भंडार (Foreign exchange reserves) पर भी दिखा है। इस सप्ताह सोने की वैल्यू में 2.6 अरब डॉलर से ज्यादा की वृद्धि हुई। साथ ही 4.5 अरब डॉलर से ज्यादा का एफसीए भंडार बढ़ा है।
भारतीय रिजर्व बैंक की तरफ से शुक्रवार को जारी आंकड़ों के मुताबिक 3 जुलाई 2026 को समाप्त सप्ताह के दौरान भारत के विदेशी मुद्रा भंडार में 7.260 अरब डॉलर की बढ़ोतरी हुई है।
इससे एक सप्ताह पहले इसमें 5.654 अरब डॉलर की कमी हुई थी। अब अपना विदेशी मुद्रा भंडार बढ़ कर 674.193 अरब डॉलर का हो गया है। इससे पहले 27 फरवरी 2026 को अपना भंडार 728.494 अरब डॉलर के ऑल टाइम हाई पर था।
FCA भंडार में भारी बढ़ोतरी
रिजर्व बैंक की तरफ से जारी साप्ताहिक आंकड़ों के अनुसार 3 जुलाई 2026 को समाप्त सप्ताह के दौरान भारत की विदेशी मुद्रा आस्तियों (Foreign Currency Asset) में $4.510 billion की भारी बढ़ोतरी हुई है। इससे एक सप्ताह पहले इसमें मामूली 150 मिलियन डॉलर की कमी हुई थी। अब अपना एफसीए भंडार बढ़ कर $545.578 billion का हो गया है।
उल्लेखनीय है कि देश के कुल विदेशी मुद्रा भंडार में विदेशी मुद्रा आस्तियां या फॉरेन करेंसी असेट (FCA) एक महत्वपूर्ण हिस्सा होता है। डॉलर में अभिव्यक्त किये जाने वाले विदेशी मुद्रा आस्तियों में यूरो, पौंड और येन जैसे गैर अमेरिकी मुद्राओं में आई घट-बढ़ के प्रभावों को भी शामिल किया जाता है।
गोल्ड रिजर्व में भी बढ़ोतरी
आलोच्य सप्ताह के दौरान सोने के दाम बढ़े हैं। इससे रिजर्व बैंक के सोने के भंडार की वैल्यू में $2.669 billion की बढ़ोतरी हुई है। इससे एक सप्ताह पहले सोने के दाम घटने से इसमें $5.394 billion की कमी हुई थी।
अब अपने सोने के भंडार की वैल्यू बढ़ कर $105.205 billion का हो गया है। उल्लेखनीय है कि मार्च 2026 के अंत में आरबीआई के पास सोने का भंडार 880.52 टन का था। यह देश के कुल फॉरेन एक्सचेंज रिजर्व का करीब 16.7% बैठता है। इसके मूल्य में कमी होती है यह कुल विदेशी मुद्रा भंडार को प्रभावित करता है।

