बिरला की पहल से बून्दी-केशवरायपाटन के धान उत्पादक किसानों को बड़ी राहत
कोटा। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला की पहल से बून्दी और केशवरायपाटन क्षेत्र के किसानों को बड़ी राहत मिली है। नहरी पानी की कमी से फसलों के प्रभावित होने की आशंका को लेकर किसानों ने गुरुवार को कोटा स्थित कार्यालय में बिरला से मुलाकात कर अपनी चिंता व्यक्त की थी।
किसानों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए उन्होंने तत्काल राजस्थान के जल संसाधन विभाग तथा मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से चर्चा कर समाधान का रास्ता निकाला।
बिरला के प्रयासों से पहली बार मध्यप्रदेश सरकार ने गांधी सागर बांध से सीधे कोटा-बून्दी क्षेत्र के किसानों के लिए सिंचाई का पानी छोड़ा है। शुक्रवार शाम से नहरों में पानी की आपूर्ति शुरू होने के साथ ही विशेष रूप से बून्दी और केशवरायपाटन क्षेत्र के धान उत्पादक किसानों को बड़ी राहत मिली है। इससे सिंचाई की समस्या दूर होगी और सूखती फसलों को समय पर पानी मिल सकेगा।
किसानों ने बिरला को बताया था कि नहरों में पर्याप्त पानी नहीं होने से खरीफ की फसल प्रभावित हो रही है। इसके बाद उन्होंने बिना विलंब संबंधित अधिकारियों से चर्चा की और मध्यप्रदेश सरकार से गांधी सागर बांध से अतिरिक्त पानी उपलब्ध कराने का आग्रह किया। उनके प्रयासों के बाद तुरंत सकारात्मक निर्णय हुआ और नहरों में पानी छोड़ने की व्यवस्था सुनिश्चित की गई।
नहरों में पानी पहुंचने की सूचना मिलते ही किसानों में खुशी की लहर दौड़ गई। किसानों ने लोकसभा अध्यक्ष का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी पहल से फसलों को समय पर पानी मिल सकेगा और हजारों किसानों को इसका सीधा लाभ होगा।
इस अवसर पर बिरला ने कहा कि अन्नदाता की हर समस्या का समय पर समाधान उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसानों के हितों की रक्षा और उनकी समृद्धि के लिए हरसंभव प्रयास लगातार किए जा रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि समय पर सिंचाई का पानी मिलने से किसानों की फसल सुरक्षित रहेगी और उन्हें बड़ी राहत मिलेगी।

