कोटा व्यापार महासंघ के उपाध्यक्ष नंदकिशोर शर्मा के निधन पर श्रद्धांजलि सभा कल

0
12

कोटा। कोटा व्यापार महासंघ के उपाध्यक्ष एवं संस्थापक सचिव नंदकिशोर शर्मा (दलाल) के आकस्मिक निधन से कोटा के व्यापार एवं उद्योग जगत में शोक की लहर व्याप्त है।

कोटा व्यापार महासंघ के अध्यक्ष क्रांति जैन एवं महासचिव अशोक माहेश्वरी ने बताया कि स्वर्गीय नंदकिशोर शर्मा कोटा व्यापार महासंघ के संस्थापक सचिव रहे। इसके पश्चात उन्होंने निरंतर लगभग 35 वर्षों तक महासंघ की कार्यकारिणी में कोषाध्यक्ष, उपाध्यक्ष सहित विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर रहकर अपनी उल्लेखनीय सेवाएं प्रदान कीं।

उन्होंने दलाल एसोसिएशन के अध्यक्ष के रूप में कोटा अनाज मंडी क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हुए किसानों के हितों एवं अनाज मंडी के विकास के लिए महत्वपूर्ण कार्य किए। साथ ही कोटा व्यापार महासंघ के विभिन्न दायित्वों का निर्वहन करते हुए वे सदैव व्यापारिक हितों के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए सक्रिय रहे।

स्वर्गीय शर्मा अपने मिलनसार, सरल एवं सामाजिक व्यक्तित्व के लिए भी जाने जाते थे। उन्होंने विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों में अनेक महत्वपूर्ण पदों पर रहते हुए समाजोत्थान के कार्य किए। वर्तमान में वे महर्षि गौतम छात्रावास, तालेड़ा के कार्यकारी अध्यक्ष तथा महर्षि गौतम छात्रावास,कोटा के अध्यक्ष थे। इसके अतिरिक्त वे अखिल ब्राह्मण महासभा के पूर्व मंत्री भी रहे।

जैन एवं माहेश्वरी ने बताया कि स्वर्गीय नंदकिशोर शर्मा को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करने हेतु श्रद्धांजलि सभा का आयोजन 10 जुलाई को सायं 4:00 बजे माहेश्वरी भवन, झालावाड़ रोड, कोटा में किया जाएगा।