कोयम्बटूर। Maize MSP: अक्टूबर-नवम्बर 2026 में खरीफ कालीन फसल की कटाई-तैयारी सीजन के दौरान अच्छी क्वालिटी के मक्का का भाव 2200 से 2400 रुपए प्रति क्विंटल के बीच रह सकता है।
उल्लेखनीय है कि मक्का का न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) 2025-26 सीजन के लिए 2400 रुपए प्रति क्विंटल निर्धारित है जबकि 2026-27 सीजन के लिए 10 रुपए बढ़ाकर 2410 रुपए प्रति क्विंटल नियत किया गया है।
तमिलनाडु कृषि विश्वविद्यालय के कृषि एवं ग्रामीण विकास अध्ययन केन्द्र (कार्ड्स) की एक रिपोर्ट के अनुसार किसानों को कीमतों की जानकारी के आधार पर मक्का की बिजाई का निर्णय लेना चाहिए। यह 2200-2400 रुपए प्रति क्विंटल का अनुमानित मूल्य अगर किसानों के लिए लाभप्रद हो तो मक्का का रकबा बढ़ाने पर जोर दिया जा सकता है।
केन्द्रीय कृषि मंत्रालय के तीसरे अग्रिम अनुमान के अनुसार 2025-26 के सम्पूर्ण सीजन में मक्का का कुल बिजाई क्षेत्र 107.40 लाख हेक्टेयर रहा जबकि इसका सकल उत्पादन 551 लाख टन होने की संभावना है जो सर्वकालीन सर्वोच्च स्तर होगा। ध्यान देने की बात है कि मक्का की खेती खरीफ एवं रबी सीजन के साथ-साथ जायद सीजन में भी होती है।
रिपोर्ट के मुताबिक भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अल नीनो मौसम चक्र के प्रभाव को देखते हुए इस वर्ष दक्षिण-पश्चिम मानसून सीजन (जून-सितम्बर) के दौरान दीर्घकालीन औसत (एलपीए) की तुलना में 10 प्रतिशत बिंदु कम बारिश होने का अनुमान व्यक्त किया है जिससे कर्नाटक, मध्य प्रदेश, आंध्र प्रदेश, बिहार एवं पश्चिम बंगाल जैसे महत्वपूर्ण उत्पादक राज्यों में मक्का की पैदावार प्रभावित हो सकती है।
इस वर्ष मक्का के निर्यात में अच्छी बढ़ोत्तरी हो रही है और आगामी समय में पशु आहार, पॉल्ट्री फीड, स्टार्च तथा एथनॉल निर्माण उद्योग में मांग मजबूत रह सकती है।

